नाइजीरिया के साइबर ठगों ने मुख्यमंत्री के नाम से अब विधायकों को भेजी फर्जी ईमेल
Nigeria Cyber Fraud प्रदेश में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। यहां नाइजीरिया के साइबर ठगों की सक्रियता और बढ़ गई है। अब विधायक भी निशाने पर आ गए हैं।
शिमला, राज्य ब्यूरो। प्रदेश में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। यहां नाइजीरिया के साइबर ठगों की सक्रियता और बढ़ गई है। अब विधायक भी निशाने पर आ गए हैं। राजेंद्र राणा और राकेश सिंघा को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नाम से फर्जी ईमेल भेजी गई है। इसमें मदद करने की बात कही गई है। फर्जी ईमेल दो पत्रकारों को भी आई है। दोनों ने साइबर थाना पुलिस के पास शिकायत की है। इसकी प्रारंभिक जांच में इंटरनेट प्रोटोकॉल यानी आइपी भी नाइजीरिया का निकला है। इससे कुछ दिन पहले ही मुख्यमंत्री के नाम से ऐसी मेल कई सरकारी विभागों के अधिकारियों को भेजी गई थी।
इस संबंध में शिमला के साइबर थाने में एफआइआर दर्ज की थी। अब कुछ और शिकायतें आई हैं। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति के नाम से प्रोफसरों को मेल भेजी गई थी। इसी तरह से बागवानी विश्वविद्यालय की महिला प्रोफेसर के नाम से अधीनस्थ प्रोफेसर को फेवर करने के आग्रह वाली मेल गई थी।
ऐसी ईमेल का जवाब न दें
एसपी कानून व्यवस्था खुशहाल शर्मा ने कहा कि नाइजीरिया से हिमाचल के कई लोगों को फर्जी ईमेल भेजी जा रही हैं। खुशहाल शर्मा ने कहा कि ऐसी ईमेल का जवाब न दें। ठगों से सावधान रहें। ऐसी शिकायत की तत्काल पुलिस को सूचना दें। इस तरह की मेल किसी को भी आ सकती है। इस तरह के संदेश मुख्यमंत्री कार्यालय नहीं, विदेश में बैठे ठग दे रहे हैं।
पांच साल में आई शिकायतें
2016 में 519, 2017 में 570, 2018 में 980, 2019 में 1638 व 2020 में 1535 शिकायतें अब तक आ चुकी हैं।
क्या कहते हैं विधायक
मुझे मुख्यमंत्री के नाम से फर्जी ईमेल आई और इसमें फेवर करने की बात कही गई। यह मेल दो अगस्त को आई है। इसकी अधिकारियों से शिकायत की गई है। जनता के साथ तो ठगी हो ही रही है, अब जनता के नुमाइंदे भी सुरक्षित नहीं हैं। सरकार और पुलिस को कड़े कदम उठाने चाहिए। -राकेश सिंघा, विधायक, माकपा।