होली के जश्न में खलल, लोगों ने मचाया हुड़दंग
रंगों का त्योहार होली वीरवार को प्रदेशभर में धूमधाम से मनाया। इस दौरान लोगों ने हुड़दंग भी मचाया।
जागरण टीम, शिमला/सोलन/गोहर/जसूर : रंगों का त्योहार होली वीरवार को प्रदेशभर में धूमधाम से मनाई गई। हालांकि होली पर कुछ लोगों ने हुड़दंग मचाकर जश्न में खलल भी डाला। कई जगह युवा तेज रफ्तार से दोपहिया वाहन दौड़ाकर यातायात नियम तोड़ते नजर आए। वहीं, कुछ जगह लोग सड़कों किनारे वाहन रोककर जोर-जोर से गानों पर नाचते दिखे।
होली के दिन हुड़दंगियों ने रिज मैदान शिमला में पुलिस कर्मी की पिटाई कर दी। आरोपितों में कुछ सैनिक थे जिन्होंने शराब पी हुई थी। आरोपित चार सैनिकों को पुलिस ने पकड़ लिया जबकि अन्य आरोपित भाग गए। वहीं, सोलन जिला के परवाणू में चंडीगढ़ के पर्यटकों ने स्थानीय लोगों को धमकाया। इस दौरान एक व्यक्ति ने पिस्तौल से हवा में फायर कर दिया। फायर करने वाला आरोपित एयरफोर्स में कार्यरत है। कालका-शिमला मार्ग पर चक्की मोड़ पर यह वारदात हुई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा सिरमौर जिला के शिलाई बाजार में कुछ लोगों ने रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ की और कर्मचारियों को पीटा।
उधर, गोहर की शाला पंचायत में शेरपुर गाला के निकट होली खेलने के बाद कुछ युवकों में झगड़ा हो गया। इस दौरान दो युवकों नरेंद्र कुमार व शेर सिंह सिर में चोट आई है। गंभीर रूप से घायल युवकों को लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं, होली पर जसूर में युवाओं ने जमकर हुड़दंग मचाया। युवाओं ने मुख्य सड़क पर बाइकों के साथ स्टंट किए जिससे राहगीरों को परेशानी हुई। दोपाहिया वाहनों में सवार युवा अपनी इन हरकतों को सोशल मीडिया पर भी दिखा रहे थे।