इंदु गोस्वामी का नामांकन सही, घोषणा बाकी
भाजपा नेता इंदु गोस्वामी बुधवार को राज्यसभा सांसद बन जाएगी। सोमवार के नामांकन की छंटनी के दौरान उनका नामांकन सही पाया गया। अब नामांकन वापस लेने के समय तक विधानसभा सचिवालय इनका नाम घोषित करने का इंतजार करेगी। इसकी अवधि खत्म होते ही इन्हें राज्यसभा सांसद घोषित कर दिया है। हिमाचल में राज्यसभा सीट के लिए एक ही नामांकन दायर किया गया था।
जागरण संवाददाता, शिमला : भाजपा नेत्री इंदु गोस्वामी 18 मार्च को राज्यसभा सदस्य बन जाएंगी। 16 मार्च को नामांकन की छंटनी के दौरान इंदु का नामांकन सही पाया गया। अब नामांकन वापस लेने के समय तक विधानसभा सचिवालय उनका नाम घोषित करने का इंतजार करेगा। इसकी अवधि 18 मार्च को दोपहर तीन बजे खत्म होते ही उन्हें राज्यसभा सदस्य घोषित कर दिया जाएगा।
हिमाचल में राज्यसभा सीट के लिए एक ही नामांकन दायर किया गया था। कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा है। इसलिए चुनाव तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। चुनाव के बिना ही इंदु गोस्वामी का निर्विरोध चयन राज्यसभा के लिए कर लिया जाएगा। भाजपा ने लंबे मंथन के बाद कांगड़ा से भाजपा नेत्री इंदु गोस्वामी को राज्यसभा का प्रत्याशी बनाया है। हालांकि कई अन्य नेताओं के नाम की भी चल रही थी। इसके बावजूद आलाकमान ने जब फैसला लिया तो सभी तरह की अटकलों पर विराम लग गया था।