मौसम खुला, दिक्कतें बरकरार
राज्य ब्यूरो, शिमला : हिमाचल में तीन दिन तक लगातार बारिश व बर्फबारी के बाद वीरवार को मौसम
राज्य ब्यूरो, शिमला : हिमाचल में तीन दिन तक लगातार बारिश व बर्फबारी के बाद वीरवार को मौसम साफ हो गया। कड़ाके की ठंड के बाद आने वाले दिनों में लोगों को राहत मिलेगी। मौसम विभाग की मानें तो 22 दिसंबर तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम काफी हद तक साफ रहेगा। इससे काफी समय से माइनस में चले रहे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होगी तो प्रदेशवासियों को कड़ाके की ठंड से निजात भी मिलेगी। हालांकि बीते दिनों हुई बर्फबारी के बाद जनजातीय क्षेत्र में पटरी से उतरा जनजीवन अभी भी सामान्य नहीं हो पाया है। इन इलाकों में सड़कें बंद पड़ी हुई हैं, जिससे दैनिक उपयोग की वस्तुओं की आपूर्ति भी नहीं हो पा रही है। ऐसे में लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग सहित विद्युत विभाग भी खूब पसीना बहा रहा है और सड़कों सहित विद्युत आपूर्ति बहाल करने में जुटा है। उधर, चंबा जिले में अभी भी 26 सड़कों पर यातायात बहाल नहीं हो पाया है। वहीं 30 गांवों में तीन दिन से बिजली आपूर्ति ठप पड़ी हुई है।
वीरवार को प्रदेश भर में सुबह की शुरुआत धूप के साथ हुई। दिनभर धूप खिली रही, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण धूप का मजा किरकिरा हुआ। वहीं प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में हल्का हिमपात दर्ज किया गया। ऐसे में ठंड में इजाफा होने से लोगों को मुश्किलें भी झेलनी पड़ रही हैं। अब प्रदेश में एक सप्ताह तक दिन के समय चटख धूप खिलेगी, जिससे तापमान में बढ़ोतरी होगी।
वीरवार को केलंग का न्यूनतम तापमान -6.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, लेकिन राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम खुशगवार रहा। अब मौसम पूरी तरह साफ रहेगा तो अधिकतम व न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। चौबीस घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जबकि अधिकतम तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं आया है।
कहां रहा कितना तापमान :
स्थान न्यूनतम अधिकतम
शिमला 2.0 8.2
सुंदरनगर 6.3 13.5
भुंतर 5.4 15.4
कल्पा -3.0 3.2
धर्मशाला 5.6 13.6
ऊना 8.7 4.8
मंडी 5.6 15.2
नाहन 7.5 17.9
केलंग -6.3 2.1
मनाली 0.0 6.6
सोलन 4.5 14.8
डलहौजी 0.7 7.8