राहुल की बातें किसी की भी समझ में नहीं आती: जयराम
ठियोग और रोहडू के चिड़गांव में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि राहुल की बातें किसी की समझ में नही आती।
ठियोग/रोहडू, जेएनएन। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि यह चुनाव अलग किस्म का है। इसमें नरेंद्र मोदी की सुनामी में कांग्रेस, ममता, मायावती और अखिलेश कहीं नजर नहीं आ रहे हैं और न ही इनके पास विकास का कोई मुद्दा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा देश में 400 और प्रदेश में चारों सीटों पर जीत रही है।
वह शुक्रवार को ठियोग और रोहडू के चिड़गांव में चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शिमला सीट पर दो पूर्व सैनिक मैदान में हैं। एक पूर्व सैनिक देश के सम्मान में बढ़ोतरी करने वाली भाजपा का है, जबकि दूसरा देश के सम्मान पर सवाल करने वाली कांग्रेस पार्टी का है। देश के नंबर वन दुश्मन मसूद अजहर
का अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित होना मोदी सरकार की कूटनीतिक जीत है। कांग्रेस पहले सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक पर सवाल खड़े कर रही थी और अब उसके नेता मसूद को बैन करने की कार्रवाई पर भी सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने तंज कसा कि कांग्रेस नेताओं को नहीं पता कि यूएनओ में आचार संहिता नहीं लगी है। सैनिक अपनी जान पर खेलकर देश की रक्षा करता है और कांग्रेस अपने घोषणापत्र में सेना को मिले विशेषाधिकार कानून को समाप्त करने की बात कर रही है। उन्होंने ठियोग के मतदाताओं का विधानसभा चुनाव की कमी पूरी करने का आह्वान किया और आने वाले समय में विकास का वादा किया।
वहीं चिड़गांव में कहा कि आज देश में एक ही आवाज है ‘फिर से मोदी।’ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की बातें किसी की समझ में नहीं आती हैं। उनके पास मोदी को हटाने ही एकमात्र मुद्दा है। पप्पू दुलार का नाम है लेकिन कांग्रेस इस नाम में भी खोट खोज रही है। प्रदेश की पूर्व सरकार के नेता अदालतों में पेशी देने में ही व्यस्त रहे। भाजपा सरकार ईमानदारी से प्रदेश का चहुंमुखी विकास कर रही है। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि सुरेश कश्यप को लोकसभा चुनाव में रोहड़ू से बढ़त दिलाएं। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, उत्तराखंड भाजपा के वरिष्ठ नेता व हिमाचल प्रदेश चुनाव प्रभारी तीरथ सिंह रावत, उत्तराखंड के विधायक केदार सिंह रावत व गोपाल सिंह रावत सहित अन्य उपस्थित रहे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने शिमला ग्रामीण हलके के सुन्नी में जनसभा को संबोधित किया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप