तकनीकी एवं प्रौद्योगिकी का आधार केवल विज्ञान
हिमाचल प्रदेश विश्विवद्यालय के सभागार में बुधवार भारत का भविष्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
जागरण संवाददाता, शिमला : हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के सभागार में बुधवार को 'भारत का भविष्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी' विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन हुआ। संगोष्ठी का आयोजन विश्वविद्यालय एवं भारतीय विज्ञान कांग्रेस संघ की ओर से किया गया। इस मौके पर विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य सिकंदर कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कहा, आधुनिक भारत के विकास में विज्ञान की अहम भूमिका है तथा वैज्ञानिक विकास से ही आज हम विकासशील देशों की पंक्ति में खड़े हैं। तकनीकी एवं प्रौद्योगिकी का आधार केवल विज्ञान है। उन्होंने कहा कि आज हमारा दिन हाई तकनीक मोबाइल और सैल फोन से आरंभ होता है उसमें भी वैज्ञानिक तकनीक की ही भूमिका है। आने वाले दिनों में विश्वविद्यालय वर्तमान में नैक द्वारा दिए गए ए ग्रेड को ए प्लस में लाने के लिए भरसक प्रयास कर रहा है। उन्होंने भारतीय विज्ञान कांग्रेस का विश्वविद्यालय में संगोष्ठी आयोजित करने के लिए आभार जताया।
भारतीय विज्ञान कांग्रेस संघ के अध्यक्ष प्रोफेसर केएस रंगप्पा ने कहा कि भारतीय विज्ञान कांग्रेस का मूल उद्देश्य वैज्ञानिक तरक्की को आम आदमी तक ले जाना है ताकि शहरों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी विकास की धारा बहने लगे। इस मौके पर प्रोफेसर अरविद कालिया, अध्ययन अधिष्ठाता प्रोफेसर गंगाधर, डॉ. शिवो सत्यप्रकाश मौजूद रहे। संगोष्ठी की संयोजक आचार्य नीरज शर्मा ने बताया कि करीब 65 शोधपत्र पढ़े गए और 105 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप