राम मंदिर निर्माण के लिए अयोध्या जाएंगे मुस्लिम समुदाय के हजारों लोग
राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के उत्तर भारत के प्रभारी दीपक जोशी ने कहा कि राम मंदिर बनाने के लिए कई मुस्लिम अयोध्या जाएंगे।
जागरण संवाददाता, शिमला : राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के उत्तर भारत के प्रभारी दीपक जोशी ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए देशभर से मुस्लिम समुदाय के हजारों लोग 16 दिसंबर को अयोध्या रवाना होंगे। हिमाचल से भी कार सेवा के लिए एक जत्था जाएगा।
दीपक जोशी ने यहां पत्रकारों से कहा कि देश के मुस्लिम भी राम मंदिर बनाने के हक में हैं। कुछ लोग नहीं चाहते हैं कि अयोध्या में राम मंदिर बने। राम मंदिर बनाने के लिए कार सेवा के लिए बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग अयोध्या जाएंगे। इसके लिए प्रदेश के करीब 10 जिलों से सैकड़ों युवा भी शामिल होंगे। राष्ट्रीय मुस्लिम मंच राम मंदिर बनाने के लिए मुस्लिम समुदाय से समर्थन माग रहा है। ज्यादातर मुस्लिम राम मंदिर बनाने के हक में हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण वहीं होना चाहिए जहां भगवान राम का जन्म हुआ था। आरएसएस देश के मुस्लिम को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना चाहता है। मोदी सरकार में खासकर मुस्लिम बच्चों की पढ़ाई की तरफ ध्यान भी दिया जा रहा है।