सोनिया सहगल के गानों की प्रदेशभर में धूम
शिमला की रहने वाली सोनिया सहगल के गानों की धूम हिमाचल के साथ उत्तरांचल में भी है।
शिमला, जेएनएन। शिमला की रहने वाली सोनिया सहगल के गानों की धूम हिमाचल के साथ उत्तराखंड में भी है। अभी हाल में ही उनकी नई एलबम डीजे नॉन स्टॉप हिमाचल में काफी लोकप्रिय हुई है। एलबम के ज्यादातर गाने पारंपरिक हैं और गानों को सुरेंद्र दांगी और मनसागर ने लिखा है। एलबम में संगीत हिमाचल के संगीतकार सुरेंद्र नेगी ने दिया है। एलबम को यूट्यूब पर लगभग 20 हजार लोगों ने डाउनलोड किया है।
सोनिया सहगल ने कहा कि उनकी संगीत में रुचि बचपन से ही है। आज तक करीब 19 से अधिक हिमाचली और उत्तरांचली एलबम बाजार में उतार चुकी हैं, जिनकी काफी सराहना हुई है। कहा कि वह आजकल दिल्ली में अपना करियर बना रही हैं, जहां वह हिंदी और पंजाबी गाने गा रही हैं। उन्होंने हाल ही में बॉलीवुड सिंगर शकर साहनी के साथ भजन की एलबम में काम किया है।
सोनिया ने बताया कि आने वाले समय में वह कई हिंदी और पंजाबी एलबम में काम करेंगी। बरस रे बादल उनका पहला हिंदी गाना और खनक उनकी पहली हिमाचली एलबम है। सोनिया सहगल ने देशभर में हिमाचल का नाम रोशन किया है और पहाड़ी संस्कृति को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। सोनिया 200 से अधिक गाने गा चुकी हैं।