687 किसानों ने की सौर ऊर्जा बाड़बंदी
सरकार ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा देने के लिए सौर ऊर्जा बाड़बंदी को बढ़ावा दिया है
राज्य ब्यूरो, शिमला : सरकार ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा देने के लिए सौर ऊर्जा बाड़बंदी योजना के तहत 35 करोड़ स्वीकृत किए हैं। इससे अब तक 687 किसान लाभांवित हुए हैं। यह धनराशि दो वर्ष के मुकाबले सबसे ज्यादा है। 2016-17 में 25 करोड़ और 2017-18 में 30 करोड़ स्वीकृत किए गए। धन कृषि विभाग ने माध्यम से दिया गया। यह जानकारी विधानसभा में विधायक रमेश धवाला के प्रश्न के लिखित जवाब में कृषि मंत्री डॉ. रामलाल मार्कंडेय ने दी। इसमें कहा गया कि इस योजना से प्रदेश के किसान लाभ उठाकर फसलों को सुरक्षित कर रहे हैं।
4751 करोड़ के प्रोजेक्ट की एडीबी करेगा फंडिंग
राज्य ब्यूरो, शिमला : प्रदेश में 4751 करोड़ के वर्षा जल संग्रहण और भूजल संग्रहण के प्रोजेक्ट के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) पैसा देगा। इसके लिए वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग ने अपनी संस्तुति दे दी है। हिमाचल सरकार ने किसानों की आय को दुगना करने के मकसद से प्रारंभिक परियोजना रिपोर्ट तैयार की। इस रिपोर्ट को मंजूरी मिल गई है। इस संबंध में चिंतपूर्णी के विधायक बलवीर चौधरी ने सवाल पूछा था। उनके सवाल के लिखित उत्तर में आइपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट से किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। गौरतलब है कि यह मंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इसे मंजूरी दिलाने के लिए उन्होंने खासी मशक्कत की। दिल्ली की खूब दौड़ लगाई।