कांग्रेस के वार पर पलटवार करेगी भाजपा
भाजपा विधायक दल की बैठक मंगलवार को शिमला के पीटरहॉफ में हुई।
राज्य ब्यूरो, शिमला : भाजपा विधायक दल की बैठक मंगलवार को शिमला के पीटरहॉफ में हुई। इसमें फैसला लिया गया कि कांग्रेस के वार पर पलटवार किया जाएगा। विपक्ष बेवजह हावी हो रहा है। ऐसे में प्रत्येक भाजपा विधायक की जिम्मेदारी है कि कांग्रेस कार्यकाल की कारगुजारियों को जनता में उजागर किया जाए।
प्रदेश सरकार सत्ता में एक वर्ष पूरा करने जा रही है। सरकार की उपलब्धियों को भाजपा जनता के बीच लेकर जाएगी। इसके अतिरिक्त समूचे प्रदेश में उपयुक्त राजनीतिक माहौल बनाया जाएगा ताकि लोकसभा चुनाव में सभी चारों सीटों की जीत को फिर दोहराया जा सके। पीटरहॉफ में मंगलवार रात साढ़े सात बजे भाजपा विधायक दल की बैठक शुरू हुई। इसमें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सभी विधायकों से आक्रामक तेवर दिखाने को कहा है। डेढ़ घंटे तक चली बैठक में प्रदेश मंत्रिमंडल के सभी मंत्रियों के साथ सभी भाजपा विधायक मौजूद थे। पहली बार चुनकर आए भाजपा विधायकों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने का मंत्र दिया गया। प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री के साथ सभी मंत्री पीटरहॉफ पहुंचे। वहां पहले से भाजपा के विधायक मौजूद थे। पूरी तैयारी के साथ आए विधायक
तपोवन में अगले महीने होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले सभी भाजपा विधायक पूरी तैयारी के साथ के आए थे। देखने में आया है कि भाजपा विधायक कांग्रेस नेताओं के हमलों का जवाब नहीं दे रहे थे। कांग्रेस भाजपा सरकार पर हावी हो गई है। इसे देखते हुए शीतकालीन सत्र में भाजपा विधायकों को बदली रणनीति के साथ उतरने को कहा गया है। जम्वाल व गांधी ने फूल देकर किया मुख्यमंत्री का स्वागत
भाजपा विधायक दल की बैठक शुरू होने से पहले सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल व बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने पीला फूल देकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।