नगर निगम के सांगटी वार्ड में उपचुनाव जल्द
नगर निगम के सांगटी वार्ड में उप चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
जागरण संवाददाता, शिमला : नगर निगम के सांगटी वार्ड में उप चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची तैयार करने की तिथियां तय कर दी हैं। ऐसे में अब चुनावी बिगुल जल्द ही बजने वाला है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के लिए सांगटी वार्ड की सीट काफी महत्वपूर्ण है। हालांकि सांगटी वार्ड भाजपा की झोली में नहीं रहा है। कांग्रेस का वर्चस्व इस वार्ड में रहा है। सांगटी वार्ड कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के दायरे में आता है। ऐसे कांग्रेसी विधायक अनिरुद्ध सिंह का काफी दबदबा यहां पर रहा है, लेकिन हाल ही में प्रदेश की भाजपा सरकार ने कसुम्पटी क्षेत्र में गुड़िया कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष के पद रूपा शर्मा की नियुक्ति कर सरकार में क्षेत्र को प्रतिनिधित्व दिया है। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद पहला उपचुनाव होने जा रहा है। वहीं भाजपा शासित नगर निगम के लिए बड़ी चुनौती होगा। अगर भाजपा उप चुनाव में जीत हासिल नहीं कर पाई तो राजनीतिक गलियारों में कई मायने माने जाएंगे। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस, भाजपा और माकपा की ओर से संागटी वार्ड से प्रत्याशी कौन होगा, इसके लिए टिकट के तलबगारों ने गोटियां फिट करना शुरू कर दी हैं।
जब नगर निगम के चुनाव के नतीजे सामने आए तो भाजपा समर्थित 17 प्रत्याशी जीते थे, जबकि बहुमत के लिए उनको 18 सीटें चाहिए थी, लेकिन आजाद प्रत्याशी के तौर पर विजयी हुए पंथाघाटी वार्ड के राकेश शर्मा ने भाजपा ज्वाइन कर ली। भाजपा ने राकेश शर्मा को डिप्टी मेयर पद पर नियुक्ति दिलवाई। इसके साथ ही कच्चीघाटी वार्ड से आजाद प्रत्याशी संजय परमार भी भाजपा में शामिल हो गए। नगर निगम में भाजपा समर्थित पार्षदों की संख्या 19 है।
-------
मीरा शर्मा ने दिया था इस्तीफा
सांगटी वार्ड से कांग्रेस समर्थित मीरा शर्मा जीती थीं, लेकिन निजी कारणों के कारण अगस्त में इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद पद खाली हो गया है। वर्ष 2007 में मीरा शर्मा पहली बार पार्षद के पद पर चुनाव जीती थीं। वर्ष 2012 में चुनाव हार गई। 2017 में काग्रेस के प्रत्याशी के तौर पर सागटी वार्ड से चुनाव जीता था। अभी मीरा शर्मा का कार्यकाल केवल डेढ़ वर्ष ही हुआ था। साढ़े तीन वर्ष का कार्यकाल शेष रह गया। मतदाता सूचियों का पुनर्निरीक्षण शुरू
राज्य ब्यूरो, शिमला : नगर निगम शिमला के सांगटी वार्ड नंबर 24 के पार्षद के उपचुनाव के लिए मतदाता सूचियों को अपडेट करने के लिए विशेष पुनर्निरीक्षण कार्यक्रम शुरू कर दिया है। इसके लिए पहली जनवरी को मतदाता सूची में नाम दर्ज करने के लिए आहर्ता तिथि घोषित की गई है। दावे एवं आक्षेप दायर करने के लिए पुनर्निरीक्षण प्राधिकारी की नियुक्ति उपमंडलाधिकारी नागरिक एवं ग्रामीण व निर्वाचन पंजीयन अधिकारी द्वारा की जाएगी।
कार्यक्रम के अनुसार पुनर्निरीक्षण प्राधिकारी के समक्ष दावे एवं आक्षेप दायर करने की अवधि 13 से 15 दिसंबर, पुनर्निरीक्षण प्राधिकारी द्वारा दावे एवं आक्षेप का निपटारा 18 दिसंबर तक किया जा सकेगा। पुनर्निरीक्षण प्राधिकारी के आदेश के विरुद्ध अपील दायर करने की अवधि पुनर्निरीक्षण प्राधिकारी के आदेश पारित करने के दो दिन के भीतर होगी। निर्वाचन पंजीयन अधिकारी द्वारा अपील का निपटारा 22 दिसंबर तक व अनुपूरक मतदाता सूचिया तैयार करने की तिथि 22 दिसंबर होगी।