Move to Jagran APP

अब बढ़ी और जिम्मेदारी, बेहतर सुविधाएं देना प्राथमिकता : सत्या

नगर निगम शिमला की नई मेयर सत्या कौंडल ने कहा कि सभी को साथ लेकर शहर के विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

By JagranEdited By: Published: Wed, 18 Dec 2019 08:20 PM (IST)Updated: Thu, 19 Dec 2019 06:15 AM (IST)
अब बढ़ी और जिम्मेदारी, बेहतर सुविधाएं देना प्राथमिकता : सत्या
अब बढ़ी और जिम्मेदारी, बेहतर सुविधाएं देना प्राथमिकता : सत्या

जागरण संवाददाता, शिमला : नगर निगम शिमला की नई मेयर सत्या कौंडल ने कहा है कि सभी को साथ लेकर शहर के विकास कार्यो को आगे बढ़ाया जाएगा। मेयर पद की शपथ लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि वह लंबे समय तक निगम की कर्मचारी रह चुकी हैं। अब उन्हें मेयर का दायित्व सौंपा गया है तो जिम्मेदारी और ज्यादा बढ़ गई है। शहर के सभी वार्डो में विकास कार्यो को आगे बढ़ाया जाएगा। हर वार्ड में बजट का समान वितरण हो, लोगों की समस्याओं का समाधान हो इस पर काम होगा। विकास कार्यो में सभी पार्षदों का सहयोग लिया जाएगा।

loksabha election banner

उन्होंने कहा स्मार्ट सिटी के कार्यो में तेजी लाई जाएगी। इसके तहत हर वार्ड में कार्य करवाया जाएगा। कौंडल ने कहा कि उनका सबसे ज्यादा फोकस स्वच्छता अभियान पर रहेगा। पानी की समस्या दूर करना, सड़कों और पैदल चलने वाले रास्तों की हालत में सुधार करने के कामों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने कहा स्मार्ट सिटी और अम्रुत मिशन के तहत इसके लिए बजट मुहैया करवाया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा, विधायक बलबीर वर्मा का आभार जताया है। सभी के सहयोग से विकास को देंगे गति : शैलेंद्र चौहान

नवनियुक्त डिप्टी मेयर शैलेंद्र चौहान ने पार्षदों में समन्वय बनाकर शहर के विकास कार्यो को आगे बढ़ाने की बात कही है। उन्होंने कहा स्मार्ट सिटी और अम्रुत मिशन के तहत शहर के विकास कार्यो को गति दी जाएगी। इसके लिए सभी का सहयोग लिया जाएगा। डिप्टी मेयर पद की शपथ लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा शिमला शहर में पानी की समस्या को दूर करना और स्वच्छ भारत मिशन को गति देना उनकी प्राथमिकता रहेगी। शहर के वार्डो में पार्किंग की समस्या को दूर करना, पैदल चलने वाले रास्तों की मरम्मत करवाने जैसे कार्य किए जाएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा, त्रिलोक जम्वाल, बलबीर वर्मा सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। ढाई साल में बनाएंगे स्मार्ट सिटी : भारद्वाज

शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि वरिष्ठता के आधार पर मेयर व डिप्टी मेयर का चयन किया गया है। पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, डॉ. राजीव बिदल, त्रिलोक जम्वाल सहित विधायक बलबीर वर्मा ने भी इस कार्य में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि सभी पार्षदों की राय जानने के बाद ही मेयर व डिप्टी मेयर पद के प्रत्याशियों का चयन किया गया। उन्होंने कहा कि ढाई साल के भीतर शिमला शहर को स्मार्ट सिटी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और आपसी तालमेल से ही इस कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा। भाजपा का विजय अभियान जारी : बरागटा

विधायक और विधानसभा में मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा ने कहा कि भाजपा का विजय अभियान जारी है। वरिष्ठता को तरजीह देकर मेयर व डिप्टी मेयर बनाए गए हैं। उन्होंने कहा शहर के विकास कार्यो को गति देकर जनता की हर समस्या का समाधान करने की जिम्मेदारी इन पर रहेगी। उन्होंने मेयर व डिप्टी मेयर को बधाई दी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.