सरकार व संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी, CM सुक्खू और विक्रमादित्य कल दिल्ली रवाना; इन नेताओं का नाम सबसे आगे
हिमाचल प्रदेश में बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है। विधानसभा बजट सत्र के बाद कांग्रेस कमेटी और राज्य मंत्रिमंडल में फेरबदल हो सकता है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दिल्ली में पार्टी नेताओं से मुलाकात करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष पद पर भी नए सिरे से तैनाती होगी। संगठन के स्तर पर मंडी और शिमला जिला से संबंध रखने वाले नेताओं का नाम इस पद के लिए रेस में सबसे आगे है।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी व राज्य मंत्रिमंडल में बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है। विधानसभा के बजट सत्र के बाद ये बदलाव हो सकता है। इसको लेकर संगठन स्तर पर तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सोमवार को दिल्ली जाएंगे।
उनका दिल्ली में पार्टी के कई नेताओं से मिलने का कार्यक्रम है। सोमवार व मंगलवार को वह दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मिलेंगे। जबकि राज्य लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी दिल्ली गए हैं। उनका भी पार्टी के नेताओं से मिलने का कार्यक्रम बताया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक प्रदेश कांग्रेस कमेटी में नई कार्यकारिणी का गठन के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष पद पर भी नए सिरे से तैनाती होगी। प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का तीन साल का कार्यकाल अप्रैल महीने में पूरा हो रहा है।
शिमला से मंत्रिमंडल में तीन कैबिनेट मंत्री
ऐसे में उनके स्थान पर किसी अन्य को अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। संगठन के स्तर पर मंडी व शिमला जिला से संबंध रखने वाले नेताओं का नाम इस पद के लिए रेस में सबसे आगे चला हुआ है। पार्टी का एक धड़ा चाहता है कि मंडी के बजाए शिमला से ही संबंध रखने वाले किसी नेता को अध्यक्ष बनाया जाए।
चूंकि शिमला जिला से राज्य मंत्रिमंडल में तीन कैबिनेट मंत्री है और शिमला संसदीय क्षेत्र की यदि बात करें तो यहां से 5 मंत्री कैबिनेट में है। ऐसे में यह समन्वय किस तरह से बिठाया जाएगा, इसको लेकर चर्चा चली है। किसी मंत्री को ड्रॉप कर उसे राज्य अध्यक्ष बनाया जाए इस विकल्प पर भी चर्चा चली हुई है।
समन्वय बनाने के लिए बोर्ड व निगमों में अध्यक्ष उपाध्यक्ष पद पर ताजपोशी भी हो सकती है। सूत्रों की मानें तो हिमाचल प्रदेश में विधानसभा का बजट सत्र तय हो गया है। ऐसे में जो भी बदलाव होगा वह सत्र के बाद से ही किया जाएगा।
दिल्ली में पार्टी नेताओं से मुलाकात करेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू रविवार दोपहर बाद शिमला से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए जहां देर शाम उन्होंने विधायक रामकुमार की बेटी की शादी की रिसेप्शन में भाग लिया। सोमवार दोपहर बाद उनका दिल्ली जाने का कार्यक्रम है।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल, पूर्व प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ल व नई प्रभारी रजनी पाटिल सहित अन्य नेताओं से मिलने का कार्यक्रम है। रजनी पाटिल अभी पुणे में है, सोमवार को उनके आने के बाद ही मुलाकात संभव है। ऐसे में मुख्यमंत्री मंगलवार को उनके साथ मुलाकात कर सकते हैं।
हिमाचल में नए प्रभारी के पदभार संभालने से पहले यह मुलाकात कई मायनों में अहम मानी जा रही है। राजीव शुक्ल व केसी वेणुगोपाल सहित अन्य नेताओं से भी संगठन के मसलों पर चर्चा करेंगे।
यह भी पढ़ें- Job Alert 2025: हिमाचल में सरकारी नौकरी का सुनहरा मौका, सुक्खू सरकार ने 101 पद भरने की दी मंजूरी
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।