तीस साल से प्रतिनिधि हूं, पूर्व के सब सीएम से ज्यादा पैसा लाए जयराम
सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री की पाठ थपथपाई कहा पूर्व के सभी मुख्यमंत्रियों से जयराम ठाकुर ज्यादा पैसा लाए हैं।
शिमला, राज्य ब्यूरो। सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने सत्र के अंतिम दिन सदन में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की पीठ थपथपाई। महेंद्र सिंह ने कहा कि उन्होंने हिमाचल निर्माता डॉ. वाई एस परमार के अलावा बाद के सभी मुख्यमंत्रियों के साथ कार्य किया है। तीस साल से प्रतिनिधि हूं लेकिन अल्पकाल में पूर्व के सभी मुख्यमंत्रियों से जयराम ठाकुर ज्यादा पैसा लाए हैं।
आठ महीने में ही केंद्र से 9552 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट स्वीकृत करवाए गए हैं। एक दो महीने में और बड़े प्रोजेक्ट लाएंगे। जयराम ठाकुर ने नया इतिहास बनाया है। वह हर महीने औसतन 1002 करोड़ रुपये केंद्र से लाए हैं। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी आभार जताया। 798 करोड़ से लाभान्वित होंगे 16 लाख लोग आइपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ने सदन में वक्तव्य दिया। उन्होंने कहा कि पुरानी पेयजल योजनाओं के संवर्द्धन के लिए केंद्र ने 798 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इनमें से 80 फीसद पैसा एडीबी देगा। यह बैंक 638 करोड़ रुपये देगा। राज्य सरकार का हिस्सा 159 करोड़ रुपये होगा। अब इस योजना से डीपीआर तैयार की जाएगी। इससे 6831 बस्तियों की 16 लाख 33,865 की आबादी लाभान्वित होगी। इसमें 1421 योजनाएं होंगी। इनमें धर्मशाला जोन की 160, मंडी जोन की 254, शिमला जोन की 795 व हमीरपुर जोन की 212 योजनाएं शामिल हैं।