बंद मार्ग जल्द बहाल करने का दावा
बारिश से लोक निर्माण विभाग को भारी नुकसान हुआ है।
संवाद सूत्र, नेरवा : बारिश से लोक निर्माण विभाग को भारी नुकसान हुआ है। रविवार रात व सोमवार को हुई बारिश ने विभाग को करोड़ों रुपये की चपत लगा दी है। भूस्खलन व डंगे गिरने से उपमंडल चौपाल में 12 से अधिक मार्ग बंद हो गए थे। इनमें से अधिकांश मार्गो को यातायात के लिए 24 घंटे में बहाल कर दिया है। लोक निर्माण विभाग उपमंडल कुपवी के तहत तीन मार्गो को खोलने का कार्य अभी भी प्रगति पर है। भालू-धोताली, कुपवी, मशौत व दोची, कणाह मार्ग पर अभी तक वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं हो पाई है। सहायक अभियंता लोक निर्माण उपमंडल कुपवी अजय गजटा ने बताया कि उक्त तीनों ही मार्गो को अत्यधिक क्षति पहुंची है। इन मार्गो पर भूस्खलन व डंगे गिरने से भारी क्षति पहुंची है। भालू-धोताली मार्ग पर तो 25 से अधिक पेड़ गिर गए थे। उन्होंने कहा कि तीनों ही सड़कों को खोलने के लिए मशीनें व लेबर लगातार कार्य कर रही है। मंगलवार शाम तक इन मार्गो को वाहनों की आवाजाही के लिए खोलने का प्रयास किया जा रहा है। उधर, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग केएस पाल ने बताया कि बारिश से विभाग की सड़कों को व्यापक क्षति पहुंची है। अधिकांश संपर्क मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिए हैं।