गुण-दोष देख प्रत्याशी तय करेंगी सोनिया गांधी
प्रदेश कांग्रेस में उप-चुनाव के लिए टिकट का मामला अब दिल्ली पहुंच गया है। प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति ने जिताऊ उम्मीदवारों की सूची कांग्रेस आलाकमान को भेजी दी है। इस सिलसिले में वीरवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर व नेता प्रतिपक्ष मुकेश अगिनहात्री ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की है। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने उन्हें उम्मीदवारों के नामों सूची भी सौंपी है।
राज्य ब्यूरो, शिमला : हिमाचल के दो विधानसभा क्षेत्रों धर्मशाला व पच्छाद में होने वाले उपचुनाव के लिए प्रदेश कांग्रेस में प्रत्याशियों को टिकट का मामला दिल्ली पहुंच गया है। प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति ने उम्मीदवारों की सूची पार्टी आलाकमान को भेज दी है। इस संबंध में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर व नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने वीरवार को नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की।
कुलदीप राठौर व मुकेश अग्निहोत्री ने केसी वेणुगोपाल को उम्मीदवारों के नामों की सूची भी सौंपी। इस सूची पर अंतिम मुहर अब कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने लगानी है। वह प्रत्याशियों के गुण-दोष देखकर प्रत्याशी तय करेंगी। पच्छाद व धर्मशाला उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कभी भी हो सकती है। प्रत्याशियों के मामले में कुलदीप राठौर ने केसी वेणुगोपाल से चर्चा की है। उपचुनाव जीतना बड़ी चुनौती
कांग्रेस के सामने इस बार पच्छाद व धर्मशाला उपचुनाव जीतना बड़ी चुनौती होगी। प्रदेश में भाजपा सत्तासीन है। लोकसभा चुनाव में भाजपा ने प्रदेश की चारों सीटों पर जीत हासिल की थी। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के अस्वस्थ होने से कांग्रेस को उपचुनाव में उनकी बतौर स्टार प्रचारक कमी खलेगी।