विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिमला में झाकड़ी के पास ब्रौनी नाले पर बनेगा 127 करोड़ की लागत से पुल, दशकों पुरानी मांग आखिर अब होगी पूरी

Published: Mon, 19 Oct 2026 02:43 PM (IST)

शिमला जिले के रामपुर में झाकड़ी के पास ब्रौनी नाले पर 127 करोड़ रुपये की लागत से 305 मीटर लंबा पुल बनाने को मंजूरी मिल गई है।

ब्रिज के लिए 127 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

ब्रिज के लिए 127 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

HighLights

  1. झाकड़ी में ब्रौनी नाले पर 127 करोड़ का पुल मंजूर

  2. 305 मीटर लंबा, 16 मीटर चौड़ा, दो साल में बनेगा

  3. सड़क खराब होने की समस्या से मिलेगी राहत, आवागमन सुगम

संवाद सहयोगी, रामपुर बुशहर। शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में झाकड़ी के पास ब्रौनी नाले पर प्रस्तावित पुल के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। इस पुल के निर्माण के लिए 127 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

पुल बनने से क्षेत्र के लोगों को बार बार सड़क खराब होने की समस्या से राहत मिलने के साथ ही आवागमन की दूरी भी कम होगी। इस पुल की मांग लंबे समय से की जा रही थी। मंजूरी मिलने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह निर्देशों के बाद विभाग ने इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास तेज किए। क्षेत्र की विकट भौगोलिक परिस्थितियों के कारण मंत्रालय स्तर पर परियोजना की निर्माण योजना को लेकर कई बार आपत्तियां दर्ज की गईं।

हालांकि, विभाग ने सभी आपत्तियों का संतोषजनक निवारण किया। इसके बाद मंत्रालय ने पुल की निर्माण योजना को स्वीकार करते हुए इसके लिए 127 करोड़ रुपये स्वीकृत किए।

305 मीटर होगी चौड़ाई

प्रस्तावित पुल की लंबाई 305 मीटर और चौड़ाई 16 मीटर यानी करीब 52 फुट होगी। पुल के दोनों ओर पांच पांच फुट चौड़े फुटपाथ बनाए जाएंगे, जिससे पैदल चलने वालों को भी सुविधा मिलेगी। पहाड़ी क्षेत्र की कठिन परिस्थितियों और पुल पर पड़ने वाले भारी दबाव को ध्यान में रखते हुए इसकी नींव लगभग 60 फुट गहरी रखने का प्रावधान किया गया है। इसके ऊपर करीब 200 फुट ऊंचे पियर बनाए जाएंगे।

ब्रौनी खड्ड क्षेत्र में सड़क के बार बार क्षतिग्रस्त होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी झेलनी पड़ती है। पुल का निर्माण पूरा होने के बाद इस समस्या से काफी हद तक राहत मिलने और सफर सुगम होने की उम्मीद है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए परियोजना के निर्माण के लिए दो वर्ष की समयसीमा निर्धारित की गई है।

राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग रामपुर के अधिशासी अभियंता इंजीनियर केएल सुमन ने कहा कि ब्रौनी पुल के निर्माण के लिए 127 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह पुल इंजीनियरिंग का बेहतरीन मॉडल बनेगा।