ज्वालामुखी में सुलगी ज्वाला पर नड्डा-जयराम ने की चर्चा
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नडडा से मुलाकात की।
राज्य ब्यूरो, शिमला : कांगड़ा जिला के ज्वालामुखी में सुलगी सियासी ज्वाला को लेकर नई दिल्ली स्थित भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय में शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने चर्चा की। करीब सवा घंटे की चर्चा में प्रदेश के मंत्रियों की परफारमेंस के साथ मिशन रिपीट और सरकार के तीन साल पूरे होने पर कार्यक्रम को लेकर मंत्रणा की गई। माना जा रहा है कि दिवाली से पहले वन मंत्री राकेश पठानिया को कुछ नई जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं। प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा के राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए पठानिया का कद बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री दोपहर बाद दिल्ली के दो दिवसीय दौरे के लिए रवाना हुए। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री के लौटने के बाद भाजपा नेता एवं विधायक रमेश धवाला को आलाकमान के निर्देशों से अवगत करवाया जाएगा। ज्वालामुखी के विधायक रमेश धवाला इस बात को पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि उनकी जंग पार्टी व सरकार से नहीं बल्कि 'व्यक्ति विशेष' के साथ है। विधायक धवाला को पार्टी के वरिष्ठ नेता द्वारा उनके क्षेत्र में हस्तक्षेप पर ऐतराज है।
वहीं, हिमाचल प्रदेश में सत्ता में भाजपा दिसंबर में तीन साल का कार्यकाल पूरा करने जा रही है। ऐसे में जश्न कहां मनाया जाएगा, दोनों नेताओं ने इस पर भी मंत्रणा की। उम्मीद है कि केंद्रीय नेताओं को आमंत्रित किया जाएगा। बदल सकते हैं मंत्रियों के विभाग
कुछ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल तय माना जा रहा है। जिन विभागों में मंत्री बिलकुल दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं, ऐसे विभाग दूसरे मंत्रियों को दिए जा सकते हैं। करीब ढाई माह पहले प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार हुआ था। दो पद भरे गए थे और महेंद्र सिंह ठाकुर व वीरेंद्र कंवर को छोड़कर सभी के विभागों में फेरबदल किया गया था।