मुख्यमंत्री जय राम ने प्रधानमंत्री मोदी को दिया साठ दिन का हिसाब
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विभिन्न केंद्रीय तथा राज्य योजनाओं तथा राज्य में इनकी उपलब्धियों के बारे में अवगत करवाया ।
शिमला, राज्य ब्यूरो। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने बुधवार को नई दिल्ली में भाजपा मुख्यमंत्रियों के सम्मेलन में सभी लोगों के कल्याण का आश्वासन दिया। इसमें हिमाचल में बीते करीब साठ दिन की सरकार की कार्यप्रणाली को भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष रखा गया।
वीरवार को दिल्ली स्थित भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व में आयोजित भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक में भाग लिया। बैठक में केंद्र तथा राज्य सरकारों की विभिन्न कल्याणकारी तथा विकास योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन तथा प्रगति के बारे में विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान मुख्य लक्ष्य निम्न स्तर तक अतिनिर्धन तथा प्रत्येक लाभार्थी को लाभान्वित करने के उद्देश्य को हासिल करने पर विशेष बल दिया गया। गरीबों के कल्याण के लिए केंद्र सरकार द्वारा संचालित की जा रही हर योजना को उस तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विभिन्न केंद्रीय तथा राज्य योजनाओं तथा राज्य में इनकी उपलब्धियों के बारे में अवगत करवाया और राज्य के समग्र विकास तथा आम जनमानस के कल्याण के लिए इनके प्रभावी कार्यान्वयन का आश्वासन दिया। बैठक में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भाग लिया। हिमाचल प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल को आम जनता तक पहुंचाया जा रहा है। इस दौरान योजनाओं के संचालन के लिए केंद्र से सहयोग की भी बात को रखा गया।
लोकसभा चुनाव पर भी मंथन
मुख्यमंत्रियों के इस सम्मेलन में आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भी मंथन किया गया। केंद्र की संचालित योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।