बीके अग्रवाल हिमाचल प्रदेश के नए चीफ सेक्रेटरी नियुक्त
बीके अग्रवाल ने हिमाचल प्रदेश के नए मुख्य सचिव की कमान संभाल ली, लेकिन औपचारिक रूप से वे पहली अक्टूबर से अपना कार्यभार संभालेंगे।
जागरण संवाददाता, शिमला। जयराम सरकार ने बीके अग्रवाल को हिमाचल का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। रविवार को उनकी नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। वर्तमान में वह अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह एवं स्वास्थ्य के पद पर सेवाएं दे रहे थे।
रविवार को ही अग्रवाल ने प्रदेश के नए मुख्य सचिव की कमान संभाल ली, लेकिन औपचारिक रूप से वे पहली अक्टूबर से अपना कार्यभार संभालेंगे। निवर्तमान मुख्य सचिव विनीत चौधरी शनिवार को सेवानिवृत्त हो गए, लेकिन शनिवार को इंतजार के बाद भी अंतिम फैसला नहीं लिया जा सका था।
मुख्य सचिव पद के लिए लंबे समय से लाबिंग चल रही थी। प्रदेश और प्रदेश से बाहर सेवाएं दे रहे वरिष्ठ आइएएस अधिकारियों में पहले स्थान पर विनीत चौधरी को पत्नी 1983 बैच की उपमा चौधरी थी, जो वर्तमान में भारतीय प्रशासनिक सेवा अकादमी मंसूरी में निदेशक है। उनके बाद 1983 बैच के पूर्व मुख्य सचिव वीसी फारका थे, जिन्हें जयराम सरकार ने आते ही मुख्य सचिव के पद से हटाकर सलाहकार तैनात किया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीकांत बाल्दी भी मुख्य सचिव की दौड़ में थे।
प्रदेश के नए मुख्य सचिव बीके अग्रवाल राज्य में सत्ता परिवर्तन होने के बाद केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति से हिमाचल लौटे थे। उत्तर प्रदेश के फर्रूखाबाद के फतेहगढ़ के रहने वाले ब्रिज कुमार अग्रवाल 26 अगस्त, 1985 को भारतीय प्रशासनिक सेवा में आए थे।
वह इससे पहले भारत सरकार के आवास एवं शहरी गरीबी उन्मूलन मंत्रालय में संयुक्त सचिव पद पर सेवारत रहे। पूर्व भाजपा सरकार में अग्रवाल दिल्ली में आवासीय आयुक्त पद पर सेवाएं दे चुके हैं। सिविल में स्नातक, स्नातकोत्तर एवं प्रबंधन में पीजी डिप्लोमाधारक हैं।