सोनिया करें या न करें, मैं करूंगी भितरघातियों को बाहर : पाटिल
कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल में कानून नाम की कोई चीज नहीं है। लोग महंगाई से त्रस्त हैं जिसके चलते लोगों ने विरोधस्वरूप घरों से बाहर निकलना शुरू कर दिया है। उनका कहना था कि प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस जीतकर सत्ता में वापसी करेगी। शिमला में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आयोजित रोष रैली के दोरान विपक्ष ने
राज्य ब्यूरो, शिमला : कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने दावा किया कि हिमाचल में अगला विधानसभा चुनाव जीतकर पार्टी सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि धर्मशाला व पच्छाद में हुए उपचुनाव में जिन नेताओं ने पार्टी के खिलाफ काम किया, उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी बाहर करें या न करें, मैं ऐसे भितरघातियों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाऊंगी।
रजनी पाटिल ने शिमला में केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ आयोजित रोष रैली के दौरान सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल में कानून नाम की कोई चीज नहीं है। महंगाई से त्रस्त लोगों ने विरोधस्वरूप घरों से बाहर निकलना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्याज, पेट्रोल व रसोई गैस की कीमतें कम करने के लिए प्रदेश सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया है। धर्मशाला में ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट फ्लॉप शो साबित हुई। भाजपा सरकार पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यो को भी आगे नहीं बढ़ा पाई है।
वहीं, कांग्रेस पर्यवेक्षक नाना पटोले ने कहा कि भाजपा नेताओं ने सत्ता में आने के बाद बड़े-बड़े सपने दिखाए थे जो धराशायी हो गए। भारत में वर्ष 2014 में बेरोजगारी दर 3.4 प्रतिशत थी जो वर्ष 2019 में 8.1 प्रतिशत हो चुकी है। उधर, कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला से शुरू हुआ रोष प्रदर्शन उपायुक्त कार्यालय तक पहुंचा। इस दौरान कांग्रेस नेताओं के साथ पार्टी के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। हिमाचल का पक्ष रखने में सरकार नाकाम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट में आए तो औद्योगिक पैकेज क्यों नहीं दिया। इन्वेस्टर्स मीट में राज्य सरकार प्रधानमंत्री के समक्ष हिमाचल का पक्ष रखने में नाकाम रही। केंद्र सरकार प्रदेश में एनएच, रेललाइन और हवाई सुविधा देने में असफल रही। सरकार ने प्रदेश हितों को गंभीरता से नहीं देखा तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।
-मुकेश अग्निहोत्री, नेता प्रतिपक्ष। हिमाचल में बिगड़ी कानून व्यवस्था
हिमाचल में कानून व्यवस्था बिगड़ चुकी है। नशे से युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है। बदले की भावना से भाजपा काम कर रही है। कांग्रेस नेताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है। गांधी परिवार की सुरक्षा कम हुई है। यदि कांग्रेस नेताओं को कुछ हुआ तो पार्टी विरोध जताएगी।
-कुलदीप राठौर, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष