HRTC पेंशनरों का फूटा गुस्सा, 15 तारीख बीतने के बाद भी नहीं मिली पेंशन; शिमला नगर निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन
एचआरटीसी के करीब 700 पेंशनरों को महीने की 15 तारीख बीतने के बाद भी पेंशन नहीं मिली, जिससे नाराज होकर उन्होंने शिमला में निगम मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

HRTC पेंशनरों का फूटा गुस्सा, 15 तारीख बीतने के बाद भी नहीं मिली पेंशन (फाइल फोटो)
HighLights
करीब 700 एचआरटीसी पेंशनरों को अभी तक पेंशन नहीं मिली
पेंशन भुगतान में देरी पर शिमला में जोरदार प्रदर्शन किया गया
पेंशनरों ने लंबित भुगतान और अन्य देय मांगों को उठाया
राज्य ब्यूरो, शिमला। महीने की 15 तारीख बीतने के बावजूद एचआरटीसी के करीब 700 पेंशनरों को पेंशन नहीं मिल पाई है। पेंशन भुगतान में देरी से नाराज पथ परिवहन पेंशनर्ज कल्याण संगठन की शिमला इकाई के पेंशनरों ने मंगलवार को निगम मुख्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
संगठन के अनुसार मुख्यमंत्री के आश्वासन और सरकार की ओर से पेंशन के लिए 20 करोड़ रुपये जारी किए जाने के बावजूद कई पेंशनरों के खातों में राशि नहीं पहुंची है। संगठन की शिमला इकाई की बैठक प्रधान मनोज गौतम की अध्यक्षता में हुई। इसमें राज्य पदाधिकारियों सहित करीब 150 पेंशनरों ने हिस्सा लिया।
बैठक के बाद पेंशनरों ने निगम प्रबंधन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। संगठन के राज्य प्रधान देवराज ठाकुर और अतिरिक्त महासचिव राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि कुछ बैंकों में भुगतान अटका होने की जानकारी मिल रही है। इससे पेंशनरों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पेंशनरों ने तीन प्रतिशत डीए की किस्त और नाइट ओवरटाइम का भुगतान न होने का मुद्दा भी उठाया। संगठन का आरोप है कि जनवरी 2020 से सेवानिवृत्त निगम कर्मचारियों ने कम्यूटेशन न लेने संबंधी हलफनामा देने के बावजूद उनकी पेंशन शुरू नहीं की गई है।
संगठन ने मांग की कि सरकारी पेंशनरों को दिए जा चुके सभी देय भुगतान एचआरटीसी पेंशनरों को भी तत्काल जारी किए जाएं। साथ ही लंबित पेंशन का भुगतान बिना किसी और देरी के करने की मांग की गई। पेंशनरों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
24 सितंबर को नालागढ़ में होगी राज्य कार्यकारिणी की बैठक
संगठन ने बताया कि 24 सितंबर को नालागढ़ में राज्य कार्यकारिणी की बैठक होगी। इसमें जून में स्थगित किए गए निगम मुख्यालय घेराव आंदोलन को दोबारा शुरू करने सहित आगामी आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।
