विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल: एचआरटीसी में 831 ड्राइवर पद खाली, ड्राइविंग टेस्ट पास कर चुके युवा आस लगाए बैठे

Published: Sat, 19 Sep 2026 02:00 AM (IST)

हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) में 831 चालकों के पद खाली हैं, जबकि जून में ड्राइविंग टेस्ट देने वाले 3100 युवा काम के बुलावे का इंतजार कर रहे हैं।

831 चालक पद खाली, टेस्ट देने वाले युवा काम के बुलावे के इंतजार में।

831 चालक पद खाली, टेस्ट देने वाले युवा काम के बुलावे के इंतजार में।

HighLights

  1. एचआरटीसी में 831 चालक पद खाली, युवा बुलावे का इंतजार कर रहे

  2. जून में 3100 युवाओं ने अस्थायी चालक पैनल के लिए टेस्ट दिया

  3. छह माह वैधता वाले पैनल से किसी को काम नहीं मिला

अनिल ठाकुर, शिमला। एक तरफ हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) में चालकों के 831 पद खाली हैं, दूसरी ओर जून में ड्राइविंग टेस्ट देकर काम मिलने की आस लगाए बैठे युवा अब भी इंतजार कर रहे हैं। निगम ने हड़ताल के संकट के बीच आनन-फानन में अस्थायी चालकों का पैनल तैयार करने के लिए 23 जून को ड्राइविंग टेस्ट करवाया था।

प्रदेश के 33 डिपुओं में करीब 3100 युवाओं ने टेस्ट दिया, लेकिन छह महीने की वैधता वाला यह पैनल तैयार होने के बावजूद अभी तक किसी की सेवाएं नहीं ली गई हैं। नौकरी की उम्मीद में स्टेयरिंग थामने पहुंचे युवा अब खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं।

चालकों की कमी का असर निगम के मौजूदा कर्मचारियों पर भी पड़ रहा है। पर्याप्त चालक न होने के कारण कर्मचारियों को समय पर छुट्टी और नियमित आराम तक नहीं मिल पा रहा है। यूनियन लंबे समय से खाली पदों को भरने की मांग कर रही है। जून में चालक-परिचालकों के आंदोलन की स्थिति बनने पर निगम प्रबंधन ने तत्काल राहत के लिए अस्थायी भर्ती की प्रक्रिया शुरू की थी। यह पूरी प्रक्रिया हड़ताल रोकने के लिए ही थी।

छह माह के पैनल का भी नहीं हुआ उपयोग

निगम की बनाई नीति के अनुसार अस्थायी रूप से सेवाएं लेने वाले चालकों को प्रतिदिन 1500 रुपये पारिश्रमिक दिया जाना था। आधे दिन सेवा लेने पर 750 रुपये देने का प्रविधान था।

इन युवाओं को नियमित नियुक्ति देने के बजाय छह माह के लिए पैनल में रखने की योजना थी। जरूरत पड़ने पर निगम इस अवधि में कभी भी पैनल से चालक बुलाकर सेवाएं ले सकता था। इसके बावजूद अब तक किसी को काम पर नहीं बुलाया गया।

आरएंडपी नियमों से हो स्थायी भर्ती

चालक यूनियन के अध्यक्ष मानसिंह ठाकुर ने कहा कि निगम में चालकों के पद लंबे समय से खाली हैं। प्रबंधन के साथ बैठक में इन पदों को जल्द भरने की मांग उठाई गई है। उन्होंने कहा कि चालक भर्ती आरएंडपी नियमों के अनुसार होनी चाहिए। अस्थायी भर्ती बेरोजगार युवाओं से खिलवाड़ व भद्दा मजाक है। यह न तो युवाओं के हित में है न ही एचआरटीसी के।

यूनियन ने बैठक में उठाया मामला, प्रबंधन ने दिया आश्वासन

एचआरटीसी चालक परिचालक संघ की बीते रोज निगम के प्रबंध निदेशक शिवम प्रताप सिंह के साथ आयोजित बैठक में कर्मचारियों की मांगों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में चालकों के खाली पदों पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि इस मामले को सरकार के समक्ष भी रखा जाएगा। खाली पदों को जल्द भरा जाएगा।