डोडरा क्वार के भाउटा गांव में छह मकान खतरे की जद में
डोडराक्वार उपमंडल के जिस्कुन पंचायत के भाउटा गांव में भूस्खलन होने
संवाद सूत्र, रोहड़ू : डोडराक्वार उपमंडल के जिस्कुन पंचायत के भाउटा गांव में भूस्खलन होने के कारण छह मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। भारी बारिश के कारण भाउटा नाला का जलस्तर बढ़ गया है। सोमवार रातभर मूसलधार बारिश के कारण यहां पर नालों का पानी बढ़ जाने से स्कूल की दीवार भी गिर गई है। स्थानीय निवासी सुरेद्र का कहना है कि पीड़ित लोगों ने आफत को लेकर पंचायत प्रधान से भी संपर्क करना चाहा, लेकिन कोई सुध नहीं ले रहा है। गांव में ऐसी ही आफत चार साल पहले भी आई थी। लोगों ने मांग की है कि गांव में बार-बार इस प्रकार के खतरे को देखते हुए सुरक्षित किया जाना जरूरी है।
भूस्खलन से भाउटा गांव निवासी उत्तम लाल पुत्र नरसुख, रमेश पुत्र नरसुख, मीरदासी, पवन पुत्र दिलसुख, नरेद्र पुत्र दिलसुख व दिलसुख के मकान को खतरा बना हुआ है। एसडीएम रोहड़ू बाबू राम शर्मा ने बताया कि जिस्कून पंचायत के भाउटा गांव में भूस्खलन होने से कुछ मकानों को आंशिक रूप से खतरा है। स्थानीय प्रशासन को तुरंत घटना स्थल पर जाने के आदेश दिए हैं। स्कूल दीवार गिरने की भी सूचना है। यदि मकानों में रहना खतरनाक है तो जल्द लोगों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा।