खवागी में दो मंजिल मकान राख
कल्पा की ग्राम पंचायत खवागी में मंगलवार सुबह मकान में आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया।
संवाद सूत्र, रिकागपिओ : कल्पा की ग्राम पंचायत खवागी में मंगलवार सुबह मकान में आग लगने से लाखों की संपत्ति राख हो गई है। अग्निकांड में जानी नुकसान नहीं हुआ है। सुबह करीब चार बजे भीष्म सिंह पुत्र सरदार सिंह निवासी खवागी के मकान में आग लग गई। मकान में पांच कमरे थे और नेपाली मूल के चार किरायेदार रहते थे। आग लगने का पता चलने के बाद इनमें अफरा-तफरी मच गई और सभी आग पर काबू पाने की कोशिश करने लगे।
लकड़ी के दो मंजिल मकान में आग इतनी तेजी से फैली की उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। लोगों ने इसकी सूचना अग्निशमन केंद्र रिकागपिओ में दी। अग्निशमन केंद्र के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक मकान और अंदर रखा सामान जल गया था। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
नायब तहसीलदार कल्पा प्रेम सरिता व फील्ड पटवारी उरज्ञान दोर्जे मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पांच लाख का नुकसान हुआ है। एसडीएम कल्पा अवनिंद्र शर्मा ने बताया कि प्रशासन की ओर से प्रभावितों को पाच-पाच हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है।