विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

घंटों का सफर मिनटों में: हिमाचल में 21 अक्टूबर से हेली सेवा शुरू, किन्नौर-रामपुर के लिए लाइफलाइन; देखें पूरा टाइम टेबल

Published: Tue, 20 Oct 2026 05:51 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश में क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत 21 अक्टूबर से शिमला के संजौली से रामपुर और रिकांगपिओ के लिए ...और पढ़ें

हिमाचल में 21 अक्टबूर से हेली सेवा शुरू। सोशल मीडिया

हिमाचल में 21 अक्टबूर से हेली सेवा शुरू। सोशल मीडिया

HighLights

  1. 21 अक्टूबर से संजौली-रामपुर-रिकांगपिओ हेलीकॉप्टर सेवा शुरू।

  2. सप्ताह में तीन दिन पवन हंस लिमिटेड द्वारा संचालित होगी।

  3. यात्रा समय घटेगा, पर्यटन बढ़ेगा, आपातकालीन सुविधा मिलेगी।

राज्य ब्यूरो, शिमला। प्रदेश के दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत राजधानी शिमला के संजौली से रामपुर के बीच 21 अक्टूबर से नियमित हेलीकाप्टर सेवा शुरू की जा रही है। यह उड़ान रामपुर से आगे जनजातीय जिला किन्नौर के रिकांगपिओ तक भी संचालित होगी।

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हाल ही में रामपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान स्थानीय जनता से हेलीकाप्टर सेवा शुरू करने का वादा किया था। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद पवन हंस लिमिटेड इस रूट पर सेवाएं शुरू करने जा रहा है। यह हेलीकाप्टर सेवा सप्ताह में तीन दिन सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को उपलब्ध रहेगी।

सड़क मार्ग से शिमला से रामपुर पहुंचने में 4 से 5 घंटे और रिकांगपिओ के लिए 7 से 9 घंटे का समय लगता है। हेली सेवा से यह दूरी केवल 35-35 मिनट की उड़ानों में तय होगी। बर्फ़बारी या भूस्खलन के दिनों में जब राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित होते हैं, तब यह सेवा स्थानीय निवासियों और मरीजों के लिए जीवनरेखा साबित होगी।

पर्यटन को बढ़ावा: किन्नौर और रामपुर क्षेत्र में साहसिक व सांस्कृतिक पर्यटन को नई गति मिलेगी।

प्रदेश में हवाई नेटवर्क का विस्तार

राज्य सरकार के प्रवक्ता के अनुसार क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान 5.0 के तहत शिमला, रामपुर, रिकांगपिओ, कुल्लू, मनाली, मंडी और चंडीगढ़ को जोड़ने वाले कई हवाई मार्ग हेरिटेज एविएशन और पवन हंस लिमिटेड को आवंटित किए गए हैं।

हेरिटेज एविएशन को शिमला-रिकांगपिओ, शिमला-कुल्लू-शिमला तथा चंडीगढ़-मंडी (वाया कुल्लू) मार्गों पर उड़ानों का संचालन कर रहा है। पवन हंस लिमिटेड को संजौली (शिमला) और चंडीगढ़ के बीच सप्ताह में तीन दिन सेवा प्रदान कर रहा है।

शिमला-चंडीगढ़ दैनिक कनेक्टिविटी के तहत राज्य सरकार द्वारा व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण (वीजीएफ) के तहत प्रतिवर्ष लगभग 35.70 लाख रुपये की 100 प्रतिशत वित्तीय सहायता देकर एक अतिरिक्त साप्ताहिक उड़ान संचालित की जा रही है, जिससे शिमला और चंडीगढ़ के बीच सप्ताह के सातों दिन हवाई सेवा सुनिश्चित हो चुकी है।

उड़ान समय-सारणी और संचालन दिवस

कहां से कहां प्रस्थान समय, आगमन समय, उड़ान अवधि

संजौली से रामपुर, प्रातः 09:55 बजे, प्रातः 10:30 बजे 35 मिनट
रामपुर से रिकांगपिओ, प्रातः 10:50 बजे, प्रातः 11:25 बजे 35 मिनट
रिकांगपिओ से रामपुर, पूर्वाह्न 11:30 बजे, दोपहर 12:05 बजे 35 मिनट
रामपुर से संजौली, दोपहर 12:10 बजे, दोपहर 12:45 बजे 35 मिनट।