विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Himachal Weather: पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, दर्रों में पूरा दिन होता रहा हिमपात, मनाली सहित कई इलाकों में बारिश

Published: Wed, 18 Mar 2026 10:25 PM (GMT+05:30)Updated: Thu, 19 Mar 2026 07:16 AM (GMT+05:30)

हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से दर्रों में हिमपात और कई स्थानों पर वर्षा हुई। रोहतांग, शिंकुला जैसे दर्रों में आधा फीट से अधिक बर्फ गिरी।

पर्यटन स्थल सोलंगनाला के समीप नाग मंदिर के पास बर्फ के फाहों का आनंद लेते सैलानी। फोटो जागरण

पर्यटन स्थल सोलंगनाला के समीप नाग मंदिर के पास बर्फ के फाहों का आनंद लेते सैलानी। फोटो जागरण

HighLights

  1. पश्चिमी विक्षोभ से हिमाचल में हिमपात और वर्षा का दौर।

  2. अटल टनल पर्यटकों के लिए बंद, 10,000 पर्यटक बचाए गए।

  3. मौसम विभाग ने 18-21 मार्च तक येलो अलर्ट जारी किया।

राज्य ब्यूरो, शिमला। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ फिर सक्रिय। बुधवार को प्रदेश में कांगड़ा, शिमला, सोलन, हमीरपुर, मंडी, कुल्लू सहित कई स्थानों में दिन भर रुक-रुक कर वर्षा होती रही। रोहतांग, शिंकुला, बारालाचा, कुंजुम दर्रों में सुबह से हिमपात होने का क्रम जारी रहा और आधा फीट से अधिक हिमपात होने की जानकारी है।

गोंधला, कुकुमसेरी, केलंग व हंसा में भी 3 से 4 इंच हिमपात हुआ। मनाली में आज पूरा दिन हल्की वर्षा का क्रम चलता रहा। शिमला शहर में दोपहर बाद बूंदाबांदी होने से ठंड बढ़ गई। मौसम विभाग ने 18 से 21 मार्च तक हिमपात व वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है।

चार दिन 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से हवा चल सकती है। वीरवार तक ओलावृष्टि का आरेंज अलर्ट। हिमपात के यलो अलर्ट के कारण अटल टनल रोहतांग पर्यटकों के लिए बंद। पर्यटक सोलंग नाला तक ही जा सकेंगे। मौसम विभाग ने चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। 21 मार्च को येलो अलर्ट रहेगा, जबकि 22 से 24 मार्च तक मौसम खराब बना रह सकता है।

अटल टनल के पास बड़ा रेस्क्यू

भारी बर्फबारी के चलते अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल, सिस्सू और आसपास के क्षेत्रों में हालात चुनौतीपूर्ण हो गए थे। यहां करीब 2000 वाहन फंस गए थे। पुलिस, प्रशासन और बार्डर रोड्स आर्गेनाइजेशन (बीआरओ) ने संयुक्त रूप से बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

15 मार्च से शुरू हुआ यह अभियान 17 मार्च की शाम तक चला, जिसमें 10 हजार से अधिक पर्यटकों को सुरक्षित निकालकर मनाली की ओर भेजा गया। राहत की बात यह रही कि पूरे अभियान में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

प्रशासन ने आगामी बर्फबारी को देखते हुए लोगों को गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है। यदि यात्रा आवश्यक हो तो 4x4 वाहन का उपयोग करें, स्नो चेन साथ रखें और पर्याप्त गर्म कपड़े व जरूरी सामान लेकर ही निकलें।

प्रमुख शहरों का तापमान

शहर, न्यूनतम, अधिकतम

  • शिमला, 10.0, 15.5
  • सुंदरनगर, 9.9, 20.1
  • भुंतर, 8.8, 19.0
  • कल्पा, 0.9, 12.5
  • धर्मशाला, 8.2, 18.0
  • ऊना, 11.0, 23.4
  • नाहन, 10.7, 24.0
  • सोलन, 7.8, 18.0
  • मनाली, 3.1, 14.0
  • कांगड़ा, 13.0, 18.0
  • मंडी, 11.3, 20.8
  • बिलासपुर, 12.0, 
  • कुफरी, 6.0, 10.9
  • कुकुमसेरी, -1.8, 
  • ताबो, -2.8, 11.1






- प्रभा