Snowfall In Himachal: हिमाचल में आफत की बर्फबारी, 359 सड़कें अभी भी बंद
Snowfall In Himachal हिमाचल में बारिश और बर्फबारी से दिक्कतें बढ़ गयी हैं बर्फबारी के कारण प्रदेश में 359 सड़कें अभी भी बंद हैं।
शिमला/कुल्लू/मंडी, जेएनएन। Snowfall In Himachal हिमाचल में मौसम के तेवर तीखे बने हुए हैं। सोमवार को हुई बारिश व बर्फबारी ने प्रदेश में ठंड और बढ़ा दी। बाजार सूने रहने से लोहड़ी की रौनक भी कम हो गई। प्रदेश में बर्फबारी से लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। बर्फबारी के कारण प्रदेश में 359 सड़कें बंद रहीं। वहीं, 964 ट्रांसफार्मर खराब हैं। शिमला जिले का डोडरा क्वार क्षेत्र शेष विश्व से कट गया है। पुलिस कर्मियों का अवकाश रद कर दिया गया है।
शिमला व कुल्लू पुलिस ने लोगों को 19 जनवरी तक मौसम विभाग की चेतावनी के आधार पर ही यात्रा करने की एडवाइजरी जारी की है। कुल्लू जिले में छरोड़ नाले के पास बर्फ हटा रही जेसीबी दुर्घटनाग्रस्त होने से चालक की मौत हो गई। प्रदेश में नववर्ष में अब तक बर्फबारी के कारण गिरने से पांच लोगों की मौत हुई है।
सोमवार को शिमला, किन्नौर, कांगड़ा, कुल्लू, लाहुल स्पीति व चंबा जिलों के ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में बारिश व शिमला समेत कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि हुई। बर्फबारी के कारण लाहुल स्पीति की सभी सड़कें बंद हैं। जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है। जिले में 14 व 15 जनवरी को सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। लाहुल स्पीति जिले में हिमखंड गिरने से कई जगह चिनाब नदी का बहाव रुक गया है। रोहतांग दर्रे में दो दिन में चार फीट हिमपात हुआ है।
लाहुल-स्पीति जिले में कोकसर, योचे, दारचा, छिका रारिक में साढे़ तीन फीट, सिस्सु से गोंदला व जिस्पा से सिंटगरी तक तीन फीट, पट्टन घाटी में दो से ढाई व जिला मुख्यालय केलंग में दो फीट हिमपात हुआ। मंडी जिले के बनाला में पहाड़ी दरकने से मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया। भारी बारिश के कारण मंगलवार सुबह आठ बजे के बाद ही मार्ग बहाली का कार्य शुरू होगा। सराज, नाचन, करसोग, बरोट, पराशर चौहार घाटी सहित अन्य स्थानों पर बारिश व बर्फबारी का दौर जारी रहा। कांगड़ा जिला की चोटियों पर भी बर्फबारी व निचले क्षेत्रों में बारिश हुई।
गगल स्थित कांगड़ा एयरपोर्ट में मौसम खराब होने के कारण एयर इंडिया का विमान दिल्ली से नहीं आ सका। भारी बारिश व बर्फबारी के कारण चंबा जिला में कई मुख्य व संपर्क मार्गों पर आवाजाही बंद रही। बर्फबारी के कारण पांगी के सभी मार्गों पर वाहनों के पहिये थम गए हैं। प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों कांगड़ा, बिलासपुर व ऊना में कोहरे ने परेशानी बढ़ा दी है।
किन्नौर व लाहुल स्पीति में आज ग्लेशियर गिरने की आशंका
प्रदेश में 19 जनवरी तक मौसम के तेवर कड़े रह सकते हैं। मौसम विभाग ने 14 जनवरी को किन्नौर व लाहुल स्पीति जिलों में हिमखंड गिरने की आशंका जताई है। विभाग के अनुसार 14 व 15 जनवरी को प्रदेश के ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में बर्फबारी व निचले क्षेत्रों में बारिश हो सकती है।
जल्द बहाल हों सभी सड़कें व आवश्यक सेवाएं : जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश के लोगों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने लोगों को बर्फबारी के दौरान सचेत रहने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग को राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण बाधित सभी सड़कों को शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए। सभी उपायुक्तों को राज्य के हिमपात प्रभावित क्षेत्रों में बाधित सभी आवश्यक सेवाओं को बहाल करने को कहा। उन्होंने सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग को बर्फबारी के कारण प्रभावित क्षेत्रों में बाधित जलापूर्ति व्यवस्था को शीघ्र बहाल करने और बिजली बोर्ड को विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित बनाए रखने के लिए निर्देश दिए।