विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में कांग्रेस का व्यवस्था परिवर्तन, पहली बार पर्यवेक्षक चुनेंगे जिला अध्यक्ष; क्या है संगठन सृजन कार्यक्रम?

By Anil Thakur Edited By: Rajesh Sharma
Published: Wed, 12 Nov 2025 06:19 AM (IST)

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी हिमाचल प्रदेश में संगठन सृजन कार्यक्रम शुरू करने जा रही है। पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. हिमाचल कांग्रेस में संगठन सृजन कार्यक्रम शुरू

  2. पर्यवेक्षकों की सिफारिश पर जिलाध्यक्षों की नियुक्ति

  3. राहुल गांधी कर रहे अभियान की निगरानी

अनिल ठाकुर, शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने हिमाचल में संगठन सृजन कार्यक्रम शुरू करने जा रहा है। इसके लिए पर्यवेक्षकों की तैनाती कर दी गई है। यह पहला मौका है, जब हिमाचल कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष के पास जिला अध्यक्ष को नियुक्त करने की शक्तियां नहीं रहेंगी।

संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत पर्यवेक्षकों की अनुशंसा के आधार पर ही जिला अध्यक्ष नियुक्त किए जाएंगे। पर्यवेक्षकों के जरिए जिला अध्यक्ष बनाने का यह मॉडल कांग्रेस हाईकमान 10 से ज्यादा राज्यों में अपना चुका है।

पहले चरण में जिला अध्यक्ष व दूसरे में ब्लॉक अध्यक्ष 

संगठन के जानकारों के मुताबिक पार्टी के इस अभियान से जिला अध्यक्षों को सियासी ताकत मिलेगी। सूत्रों के मुताबिक अभियान का यह पहला चरण है। पहले चरण में जिला अध्यक्ष बनाए जाएंगे, जबकि दूसरे चरण में ब्लॉक स्तर पर भी इसी तरह से नियुक्ति होगी। 

प्रशिक्षण भी देगा हाईकमान

हाईकमान जिला व ब्लॉक अध्यक्षों को प्रशिक्षण भी देगा। इन्हें संगठन के बारे में बताया जाएगा। पार्टी की विचारधारा, कार्यक्रम कैसे आयोजित होने हैं, जमीनी स्तर पर संगठन को कैसे मजबूत करना है इसके बारे में प्रशिक्षित किया जाएगा। 

एक दो दिन में कार्यभार संभालेंगे पर्यवेक्षक

हाईकमान ने बीते रोज जिन पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है, वह अगले एक दो दिनों के भीतर अपना कार्यभार संभाल लेंगे। इसके बाद बैठकों का दौर शुरू होगा। यह पर्यवेक्षक अपनी रिपोर्ट सीधे हाईकमान को ही करेंगे। 

पर्यवेक्षकों की अनुशंसा पर ही होगी नियुक्ति

राज्य अध्यक्ष व अन्य नेताओं की सिफारिश के बजाय हाईकमान पर्यवेक्षकों की अनुशंसा पर ही जिला अध्यक्षों की नियुक्ति करेगा। कांग्रेस हाईकमान का पूरा फोकस इन दिनों संगठन की मजबूती पर है, इसके लिए संगठन सृजन अभियान जारी है। 

राहुल गांधी करते हैं अभियान की निगरानी

राहुल गांधी खुद इस अभियान की निगरानी करते हैं व समय समय पर इसको लेकर बैठक करते हैं। हिमाचल से भी कई नेता जिनमें कुलदीप राठौर, विनोद सुल्तानपुरी, रघुबीर सिंह बाली सहित कई अन्य नेताओं को भी अन्य राज्यों में पर्यवेक्षक बनाया गया है। कुलदीप राठौर पहले गुजरात, अब उत्तराखंड में इसी अभियान के पर्यवेक्षक हैं।

सालों से वही चेहरे बन रहे अध्यक्ष

हिमाचल में पिछले 1 साल से प्रदेश, जिला व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी को भंग है। 6 नवंबर 2024 को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी जिला कांग्रेस कमेटी सहित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी को भंग किया था। अभी तक किसी भी कमेटी का गठन नहीं किया गया है। हिमाचल कांग्रेस कमेटी में तो बदलाव होता है लेकिन जिला व ब्लॉक स्तर पर कार्यकारिणी में वही चेहरे कई सालों से जमे हुए हैं। कई जिलों में तो अध्यक्ष भी पिछले कई सालों से नहीं बदले गए हैं। नई प्रक्रिया में पूरा फीडबैक लिया जाएगा। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि नए चेहरे आगे आएंगे।

यह भी पढ़ें: हिमाचल सरकार ने फिर बदले IPS अफसर, रोहित मालपानी लगाए SP साइबर क्राइम, नेगी को CID का जिम्मा 

यह भी पढ़ें: HRTC की चलती बस में भड़की आग, लोगों ने कूदकर बचाई जान, ...चार दिन सड़क किनारे खराब खड़ी रही गाड़ी भेज दी रूट पर