अब प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी में अपनों को शामिल करने की होगी जद्दोजहद, सभी धड़ों को जगह देना चुनौती
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नई कार्यकारिणी में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन के साथ ही युवा और वरिष्ठ नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगी। दिसंबर से पहले नई कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी। 11 दिसंबर को सुक्खू सरकार का दो साल पूरा हो रहा है। कांग्रेस 2027 के चुनाव को देखते हुए कार्यकारिणी में बदलाव कर रही है।

अनिल ठाकुर, शिमला। हिमाचल में कांग्रेस की कार्यकारिणी के गठन के लिए प्रक्रिया आरंभ हो गई है। पार्टी की नई कार्यकारिणी संतुलित होगी। एक तरफ क्षेत्रीय व जातीय संतुलन देखने को मिलेगा। दूसरी तरफ युवा और वरिष्ठ नेताओं की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। संगठन के सूत्रों के अनुसार दिसंबर से पहले पार्टी की नई कार्यकारिणी घोषित कर दी जाएगी।
मिशन-2027 पर आगे बढ़ रही कांग्रेस
मिशन-2027 पर आगे बढ़ रही कांग्रेस की राज्य, जिला व खंड कार्यकारिणी में कई बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। पार्टी में अपने नेताओं को शामिल करने के लिए जद्दोजहद होगी।
यदि एक व्यक्ति एक पद के सिद्धांत को लागू किया जाता है तो नेता कार्यकारिणी में अपने लोगों को शामिल करने के लिए पूरा जोर लगाएंगे। मंत्री के अलावा बोर्ड व निगम के कई नेताओं के पास संगठन में भी महत्वपूर्ण पद है।
सभी धड़ों को जगह देना चुनौती
कांग्रेस सरकार का दो साल का कार्यकाल 11 दिसंबर को पूरा हो रहा है। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस भी नए रंग में नजर आएगी। संगठन में नए चेहरों को जगह मिलना तय है। नई कार्यकारिणी में कांग्रेस के सभी धड़ों को अधिमान देना प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के लिए चुनौती रहेगा।
सरकार व संगठन में सामंजस्य बैठाने के लिए भी हाईकमान से लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व प्रतिभा सिंह को माथापच्ची करनी होगी। कांग्रेस 2027 के चुनाव को देखते हुए नई कार्यकारिणी के गठन की बात कर रही है। पार्टी तेजतर्रार नेताओं को प्रवक्ता की जिम्मेदारी देगी ताकि विपक्ष के आरोपों का उत्तर दिया जा सके।
यह भी पढ़ें- सुक्खू सरकार ने घाटे में डाला बिजली बोर्ड, नहीं वसूल पा रही बकाया; विद्युत बोर्ड पेंशनर्स फोरम की बैठक में उठा मामला
युकां चुनाव न लड़ने वाले नेताओं को मिलेगा पद
युवा कांग्रेस (युकां) के चुनाव की प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। युकां के कई सक्रिय पदाधिकारी 35 साल की आयु पूरी कर चुके हैं और चुनाव नहीं लड़ पाए हैं। अब उन्हें प्रदेश कांग्रेस कमेटी में प्रवेश मिलेगा। पहले से ही प्रथा रही है कि युवा कांग्रेस के अध्यक्ष को प्रदेश कांग्रेस कमेटी में सचिव का पद दिया जाता रहा है। देखना है कि इस बार उन्हें क्या पद मिलता है।
7 नवंबर को भंग हुई थी कार्यकारिणी
गुरुवार यानी 7 नवंबर को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के सभी राज्य, जिला और ब्लॉक-स्तरीय निकायों को भंग कर दिया था। यह निर्णय राज्य कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित राज्य कांग्रेस नेताओं के संयुक्त अनुरोध पर लिया गया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।