हिमाचल में पार्ट टाइम वाटर कैरियर्स को बड़ी राहत, ग्रुप-डी के कर्मचारियों को परमानेंट करने की मिली मंजूरी
हिमाचल प्रदेश सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग में कार्यरत पात्र पार्ट टाइम वाटर कैरियर को नियमित करने की प्रक्रिया को मंजूरी दे दी है।

हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू (फाइल फोटो)
HighLights
हिमाचल सरकार ने पार्ट टाइम वाटर कैरियर के नियमितीकरण को मंजूरी दी
उच्च शिक्षा विभाग के पात्र कर्मचारियों को चतुर्थ श्रेणी पदों पर नियमिती मिलेगी
2026 तक सेवा अवधि पूरी करने वाले कर्मचारियों को राहत
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग में कार्यरत पात्र पार्ट टाइम वाटर कैरियर (जलवाहक) को नियमित करने की प्रक्रिया को मंजूरी दे दी है। सरकार ने 2026 के लिए निर्धारित सेवा अवधि पूरी कर चुके पात्र पार्ट टाइम वाटर कैरियर को उपलब्ध चतुर्थ श्रेणी पदों पर नियमित करने की स्वीकृति प्रदान की है।
उच्च शिक्षा विभाग के विशेष सचिव की ओर से 10 सितंबर को जारी आदेश के अनुसार नियमितीकरण कार्मिक विभाग के एक अप्रैल 2026 के निर्देशों के तहत किया जाएगा। पात्र कर्मचारियों को वरिष्ठता के आधार पर उपलब्ध रिक्त चतुर्थ श्रेणी पदों पर नियमित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित कर्मचारी को सरकार द्वारा निर्धारित अन्य सभी नियम एवं शर्तें पूरी करनी होंगी।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि नियमितीकरण के दौरान पात्र कर्मचारियों को यथासंभव उनके वर्तमान तैनाती स्थल पर ही नियमित किया जाए। हालांकि, नियमितीकरण के बाद यदि कर्मचारी का स्थान बदला जाना आवश्यक हो तो ऐसा निर्णय सक्षम प्राधिकारी की पूर्व स्वीकृति के बाद ही लिया जा सकेगा।
उच्च शिक्षा विभाग ने यह निर्णय निदेशक उच्च शिक्षा के 25 जुलाई 2026 के पत्र के संदर्भ में लिया है। आदेश में पात्र पार्ट टाइम वाटर कैरियर को उपलब्ध चतुर्थ श्रेणी (प्यून-कम-चौकीदार) पदों के विरुद्ध वरिष्ठता के क्रम में नियमित करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे लंबे समय से नियमितीकरण की प्रतीक्षा कर रहे पात्र कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
