विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में पहली कक्षा से अनिवार्य होगी नैतिक शिक्षा, CM सुक्खू का बड़ा फैसला; 4800 पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज

Published: Wed, 21 Oct 2026 08:09 PM (IST)

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिक्षा विभाग की बैठक में पहली कक्षा से नैतिक शिक्षा शुरू करने के निर्देश दिए।

पहली कक्षा से अनिवार्य होगी नैतिक शिक्षा।

पहली कक्षा से अनिवार्य होगी नैतिक शिक्षा।

HighLights

  1. पहली कक्षा से नैतिक शिक्षा शुरू करने के निर्देश

  2. सीबीएसई स्कूलों में 600 जेबीटी भर्ती प्रक्रिया तेज होगी

  3. 3900 शिक्षकों, 900 गैर-शिक्षकों की भर्ती की समीक्षा

राज्य ब्यूरो, शिमला। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने बच्चों में शुरुआती उम्र से नैतिक मूल्य, अनुशासन, करुणा, बड़ों के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए पहली कक्षा से नैतिक शिक्षा शुरू करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं होना चाहिए। विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण और सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान देना जरूरी है।

बैठक में सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू करने की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने इन स्कूलों में योग्य शिक्षक, पर्याप्त प्रशासनिक कर्मचारी और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने सीबीएसई स्कूलों के लिए जूनियर बेसिक टीचर (जेबीटी) के 600 पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज करने और 100 नए स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती के निर्देश दिए। इन संस्थानों के सुचारू संचालन के लिए कर्मचारियों की जरूरत योजनाबद्ध तरीके से पूरी करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने सीबीएसई स्कूलों में मिनिस्टीरियल स्टाफ और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की जरूरत की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित मानदंडों के अनुसार आवश्यकता का आकलन कर कदम उठाने के निर्देश दिए।

उन्होंने नई योजना आधारित भर्ती के तहत 3,900 शिक्षकों और 900 गैर-शिक्षकों के पद भरने की प्रक्रिया की समीक्षा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, सरकारी स्कूलों को सुदृढ़ करने और प्रभावी निगरानी व जवाबदेही के जरिए फैसलों को समयबद्ध ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में सचिव शिक्षा डॉ. यूनुस, निदेशक स्कूल शिक्षा आशीष कोहली और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।