विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल कैबिनेट में फेरबदल की खींचतान के बीच दिल्ली से लौटे मंत्री, फीडबैक के बाद हाईकमान के फैसले पर नजर

By Anil Thakur Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 10 Sep 2026 06:37 PM (IST)

दिल्ली से लौटे हिमाचल के कैबिनेट मंत्रियों ने हाईकमान को प्रदेश के राजनीतिक हालात और विभागीय कामकाज का फीडबैक दिया ...और पढ़ें

दिल्ली दौरे से लौटकर राज्य सचिवालय शिमला में पहुंचे शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर अधिकारियों के साथ।

दिल्ली दौरे से लौटकर राज्य सचिवालय शिमला में पहुंचे शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर अधिकारियों के साथ।

HighLights

  1. कैबिनेट मंत्री दिल्ली से लौटकर सचिवालय पहुंचे, लंबित मामलों की समीक्षा की।

  2. मंत्रियों ने कांग्रेस हाईकमान को प्रदेश के राजनीतिक हालात बताए।

  3. अब मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल पर हाईकमान के फैसले का इंतजार।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार और संभावित फेरबदल को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच दिल्ली गए कैबिनेट मंत्री शिमला लौट आए हैं। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर वीरवार को दिल्ली से लौटने के बाद सीधे राज्य सचिवालय पहुंचे। दोनों मंत्रियों ने अपने-अपने विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर लंबित मामलों और महत्वपूर्ण फाइलों की समीक्षा की।

उप मुख्यमंत्री सहित अन्य कैबिनेट मंत्री भी दिल्ली से लौट आए हैं, हालांकि वह सचिवालय में नहीं थे। दिल्ली दौरे के बाद अब सबकी नजर कांग्रेस हाईकमान के राजनीतिक फैसले पर टिकी है। 

मंत्रियों ने दिया फीडबैक

कैबिनेट मंत्रियों की दिल्ली दौरे के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से मुलाकात प्रस्तावित थी, लेकिन यह मुलाकात नहीं हो पाई। हालांकि, मंत्रियों ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की और प्रदेश के राजनीतिक हालात के साथ अपने विभागों के कामकाज का फीडबैक हाईकमान को दिया।

ऐसे में दिल्ली दौरे को मंत्रिमंडल विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है। अभी तक सरकार या कांग्रेस संगठन की ओर से किसी संभावित बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया गया है।

हाईकमान के फैसले पर टिकी निगाहें

दिल्ली से मंत्रियों की वापसी के बाद अब मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के बीच होने वाली बातचीत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पार्टी हाईकमान प्रदेश सरकार के कामकाज और मंत्रियों की भूमिका को लेकर फीडबैक लेने के बाद क्या राजनीतिक निर्णय करता है, इस पर सभी की निगाहें हैं। मंत्रियों के प्रदर्शन, उनके विभागों की स्थिति और सरकार के साढ़े तीन वर्ष के कामकाज को लेकर भी चर्चा चल रही है।

कैबिनेट बैठक में फैसलों पर नजर

दिल्ली दौरे से लौटने के बाद शुक्रवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक होगी। इसमें विभिन्न विभागों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा और निर्णय होने की संभावना है। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच बैठक के फैसलों पर भी राजनीतिक नजरें रहेंगी।

शिक्षा मंत्री से हुई बात

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शिमला में मीडिया से बातचीत में कहा कि वह दिल्ली में शिक्षा मंत्रालय के कार्यक्रम में भाग लेने गए थे। इस दौरान वरिष्ठ नेताओं से शिष्टाचार मुलाकात हुई है। हाईकमान को फीडबैक दिया है।