'क्या यही अच्छे दिन हैं?' एलन मस्क की टिप्पणी पर हिमाचल के PWD मंत्री विक्रमादित्य ने पीएम मोदी से उठाया सवाल
हिमाचल के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने एलन मस्क की टिप्पणी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा ...और पढ़ें

हिमाचल के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने एलन मस्क की पोस्ट के बाद पीएम मोदी से सवाल पूछा है।
HighLights
विक्रमादित्य सिंह ने पीएम मोदी पर एलन मस्क टिप्पणी को लेकर निशाना साधा।
उन्होंने पूछा, क्या यही 'अच्छे दिन' हैं, देश की गरिमा पर सवाल।
मंत्री ने इसे भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भी प्रश्नचिह्न बताया।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर एक बार फिर सियासी निशाना साधा है। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर उद्योगपति एलन मस्क की एक्स पर की टिप्पणी का स्क्रीनशॉट और प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी अमेरिका में हुई मुलाकात की पुरानी तस्वीर साझा करते हुए सवाल उठाया कि क्या यही अच्छे दिन हैं?
सवाल उठना स्वाभाविक
विक्रमादित्य सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा कि अमेरिका जाकर दुनिया के बड़े उद्योगपतियों से मुलाकात करना, तस्वीरें खिंचवाना और इसे कूटनीतिक सफलता बताना एक बात है, लेकिन जब वही उद्योगपति सार्वजनिक मंच पर प्रधानमंत्री को प्राइम मिनिस्टर अंबानी कहकर तंज कसें, तो सवाल उठना स्वाभाविक है।
लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भी सवाल
उन्होंने सवाल किया कि क्या यह केवल देश के प्रधानमंत्री का अपमान है या देश की गरिमा और भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है?
140 करोड़ देशवासियों की गरिमा
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि देश किसी एक व्यक्ति या उद्योगपति की जागीर नहीं है। भारत की असली ताकत उसका संविधान, लोकतंत्र और 140 करोड़ देशवासियों की गरिमा है।
टिप्पणी के बाद गरमाएगी सियासत
मंत्री की इस पोस्ट को प्रधानमंत्री मोदी पर राजनीतिक हमला माना जा रहा है। विक्रमादित्य सिंह इससे पहले भी केंद्र सरकार की नीतियों और भाजपा नेतृत्व पर सवाल उठाते रहे हैं। उनकी ताजा टिप्पणी से प्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज होने की संभावना है।
