खुशखबरी! हिमाचल में होमगार्ड के 700 पद भरेंगे, जल्द शुरू होगी भर्ती; CM सुक्खू ने किया एलान
हिमाचल प्रदेश सरकार जल्द ही होमगार्ड के 700 पदों पर भर्ती करेगी। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा अग्निशमन सेवा सप्ताह के समापन समारोह में की। इसके अतिरिक्त रा ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, शिमला। राज्य सरकार होमगार्ड के 700 पदों को भरेगी। इसके लिए जल्द भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सरकार राज्य के 100 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम को भी शुरू करेगी। रविवार को शिमला जिला के बलदेयां में राज्य अग्निशमन प्रशिक्षण केंद्र में अग्निशमन सेवा सप्ताह के समापन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने इसकी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने 13 नए अग्निशमन वाहनों को भी हरी झंडी दिखाई।
शहीद स्मारक पर सीएम ने अर्पित की श्रद्धांजलि
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने अग्निशमन सेवा कर्मियों को उनकी अनुकरणीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया। 14 से 20 अप्रैल तक आयोजित अग्निशमन सेवा सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।
मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि भी अर्पित की और सोलन जिला के नालागढ़ में वर्ष 2009 में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए दो अग्निशमन कर्मियों, शहीद जोगिंद्र पाल और शहीद घनश्याम के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करने की घोषणा की।
सीएम ने की पुलिस कर्मियों की सराहना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने अग्निशमन, होमगार्ड और पुलिस कर्मियों की बहादुरी और कार्य के प्रति समर्पण भाव की सराहना करते हुए कहा कि आग की भयावता के बीच जान-माल की रक्षा करना कर्तव्य के निर्वहन के साथ एक महान सेवा भी है। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2023 की आपदा के दौरान अग्निशमन सेवाओं, होमगार्ड और एसडीआरएफ कर्मियों द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।
100 सरकारी स्कूलों में शुरू होगा सीबीएसई पाठ्यक्रम
मुख्यमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र में एक और बड़े बदलाव का ऐलान किया। राज्य के 100 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस पर विचार कर रही है। इससे पहले सरकार कम विद्यार्थियों की संख्या वाले स्कूलों को मर्ज कर चुकी है।
स्कूलों का दर्जा भी घटाया गया है। स्कूलों में स्मार्ट यूनिफार्म, शिक्षकों के लिए ड्रेस कोड, छुट्टियों के शेड्यूल में बदलाव सहित गुणात्मक सुधार के लिए कई अहम फैंसले लिए है। सीबीएसई पाठ्यक्रम का नया फैसला सरकार ने लिया है।
मुख्यमंत्री कह चुके हैं कि 2032 तक हिमाचल को देश में सबसे अच्छी व गुणात्मक शिक्षा देने वाला राज्य बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि इन प्रयासों के सुखद और सकारात्मक परिणाम भविष्य में सामने आएंगे।
मुख्यमंत्री ने अग्निशमन विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने परेड की सलामी भी ली जिसका नेतृत्व नितिन धीमान ने किया। अग्निशमन सेवा निदेशक सतवंत अटवाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और विभाग की गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, महापौर सुरेंद्र चौहान, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा तथा अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी उपस्थित थे।
ये भी पढ़ें- हिमाचल में होली पार्टी पर विवाद, बिल लीक करने वाले अधिकारियों पर गिर सकती है तबादलों की गाज; जांच शुरू
ये भी पढ़ें- Himachal Pradesh News: एचपीयू में अब चार साल का होगा ग्रैजुएशन कोर्स, बीच में छोड़ने पर मिलेगा डिप्लोमा

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।