हिमाचल कांग्रेस की 'वोट बचाओ देश बचाओ' महारैली में बड़ी भागीदारी, 15 हजार कार्यकर्ता दिल्ली रवाना
हिमाचल कांग्रेस 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली 'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली के लिए 10-15 हजार कार्यकर्ता भेजेगी।
-1793359093017_m.webp)
हिमाचल के सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू। फाइल फोटो
HighLights
10-15 हजार हिमाचल कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली महारैली में शामिल होंगे।
156 बसें और 500 छोटी गाड़ियां दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
सभी कांग्रेस पदाधिकारियों की महारैली में भागीदारी अनिवार्य की गई।
राज्य ब्यूरो, शिमला। दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को होने वाली ''वोट बचाओ, देश बचाओ'' महारैली के लिए हिमाचल कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रदेश से 10 से 15 हजार कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए पार्टी ने 156 बसों और 500 छोटी गाड़ियों की व्यवस्था कर ली है।
महारैली को लेकर कांग्रेस ने संगठन के सभी पदाधिकारियों की मौजूदगी अनिवार्य कर दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने इस संबंध में पत्र जारी कर कैबिनेट मंत्रियों, कांग्रेस विधायकों, बोर्ड एवं निगमों के अध्यक्षों-उपाध्यक्षों, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, जिला व ब्लाक अध्यक्षों और उनकी कार्यकारिणी के सदस्यों को दिल्ली पहुंचने के निर्देश दिए हैं।
156 बसों की व्यवस्था
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी पदाधिकारी का पहले से कोई कार्यक्रम या दौरा निर्धारित है तो उसे रद कर महारैली में भागीदारी सुनिश्चित करें। जिला और ब्लाक अध्यक्षों को अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शुक्रवार शाम तक 156 बसों की व्यवस्था कर दी गई थी। इनमें सरकारी और निजी बसें शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त 500 छोटी गाड़ियों से भी कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे। पार्टी के अनुसार बसों की संख्या और बढ़ सकती है। कई कार्यकर्ता अपने स्तर पर भी दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने तैयारियों की पूरी रिपोर्ट तलब की है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार, महासचिव संगठन विनोद जिंटा व्यवस्था देखने दिल्ली चले गए हैं। वह हर जिला से खुद समन्वय स्थापित कर रहे हैं।
कांगड़ा से सबसे अधिक 30 बसें
कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने के लिए जिलावार बसों की व्यवस्था की गई है। इनमें कांगड़ा से 30, सोलन और ऊना से 20-20, मंडी से 20, सिरमौर से 15, बिलासपुर से 16, शिमला से 16, हमीरपुर से 10, कुल्लू से आठ और चंबा से एक बस जाएगी। इस तरह कुल 156 बसों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने भी की भागीदारी की अपील
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रदेशवासियों से महारैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वोट केवल अधिकार नहीं, बल्कि हमारी आवाज, ताकत और भविष्य का आधार है।
लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना सभी की साझा जिम्मेदारी है। राहुल गांधी के आह्वान पर आयोजित इस महारैली में शामिल होकर लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपनी भूमिका निभाने की जरूरत है।
लाठीचार्ज और गिरफ्तारी से नहीं रुकेगा आंदोलन: विनय
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने भाजपा पर लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा की पदयात्रा पर पलटवार करते हुए कहा कि लोकतंत्र की हत्या करने वाले आज लोकतंत्र बचाने की यात्रा निकाल रहे हैं।
कांग्रेस वोट चोरी के मुद्दे पर पीछे हटने वाली नहीं है। केंद्र सरकार लाठीचार्ज करे, गिरफ्तारियां करवाए या वाटर कैनन का इस्तेमाल करे, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों के जवाब नहीं मिलते, कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस चुनाव आयोग से जवाब मांग रही है तो भाजपा को जवाब देने की जरूरत क्यों पड़ रही है। जवाब चुनाव आयोग को देना चाहिए।
