विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल कांग्रेस ने कसी नकेल, 12 जिला अध्यक्ष ग्रीन जोन में; दो बार चेतावनी के बाद भी नहीं सुधरे तो संगठन से छुट्टी

Published: Fri, 16 Oct 2026 10:51 PM (IST)

हिमाचल कांग्रेस ने मिशन-2027 की तैयारी के तहत जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों के प्रदर्शन की समीक्षा की है। ...और पढ़ें

हिमाचल कांग्रेस के अध्यक्ष विनय कुमार। फाइल फोटो

हिमाचल कांग्रेस के अध्यक्ष विनय कुमार। फाइल फोटो

HighLights

  1. कांग्रेस ने पदाधिकारियों के प्रदर्शन का रिपोर्ट कार्ड तैयार किया।

  2. 65 ब्लॉक अध्यक्ष ग्रीन जोन में, 7 येलो जोन में।

  3. येलो जोन वालों को सुधार का अंतिम मौका।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल में मिशन-2027 की तैयारी के बीच कांग्रेस में अब पद केवल संगठन से जुड़े रहने के आधार पर नहीं, बल्कि प्रदर्शन के दम पर बचेंगे। पार्टी ने जिला और ब्लाक स्तर के पदाधिकारियों का रिपोर्ट कार्ड तैयार कर उनके कामकाज को जोन में बांटा है।

पदाधिकारियों के कामकाज की पहली समीक्षा में सभी जिला अध्यक्ष (12 जिला अध्यक्ष और संगठनात्मक जिला शिमला के अध्यक्ष) का कामकाज बेहतर रहा है। सभी ग्रीन जोन में हैं। ब्लाक स्तर पर तस्वीर थोड़ी अलग है। 72 में से 65 ब्लाक अध्यक्ष ग्रीन जोन में जगह बनाने में सफल रहे, जबकि सात को यलो जोन में रखा गया है।

फिलहाल किसी भी जिला या ब्लाक अध्यक्ष को रेड जोन में नहीं डाला गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पदाधिकारियों के प्रदर्शन की रिपोर्ट हाइकमान को भेज दी है। पार्टी का यह प्रयोग मिशन-2027 से पहले संगठन को सक्रिय करने और सुस्त पदाधिकारियों को चेताने की कवायद के तौर पर है।

अब केवल बैठकें करने या पद संभालने से काम नहीं चलेगा, बल्कि हाइकमान व प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी कार्यक्रमों को पूरा करना होगा। धरने-प्रदर्शन से लेकर घर-घर संपर्क अभियान और संगठन विस्तार तक हर गतिविधि का हिसाब देना होगा।

सात ब्लॉक अध्यक्षों को सुधार का मौका

यलो जोन में पहुंचे सात ब्लाक अध्यक्षों ने अपने बचाव में पारिवारिक कारणों का हवाला दिया है। पार्टी ने फिलहाल इन्हें बाहर का रास्ता दिखाने के बजाय प्रदर्शन सुधारने का मौका दिया है। अगली समीक्षा में इनका रिपोर्ट कार्ड फिर देखा जाएगा। यानी अभी राहत है, लेकिन आगे भी कामकाज में ढिलाई बरती तो कुर्सी पर संकट आ सकता है।

दो बार चेतावनी फिर संगठन से बाहर

पदाधिकारियों के प्रदर्शन पर नजर रखने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राजीव भवन में कनेक्ट सेंटर बनाया है। यहां हाइकमान के निर्देशों और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार की ओर से जारी कार्यक्रमों की प्रगति का आकलन किया जाता है।

संगठन विस्तार, धरने-प्रदर्शन, आंदोलन और घर-घर संपर्क अभियान जैसे काम समीक्षा के दायरे में हैं। ग्रीन जोन में बेहतर काम करने वालों को भविष्य में बड़ी जिम्मेदारी देकर पुरस्कृत किया जा सकता है। यलो जोन वालों को चेतावनी के साथ सुधार का अवसर मिलेगा। दो बार चेतावनी के बाद भी प्रदर्शन नहीं सुधरा तो उन्हें संगठन से बाहर किया जा सकता है। रेड जोन में पहुंचने वालों पर सीधे कार्रवाई का प्रविधान है।

देश में चौथे स्थान पर पहुंची हिमाचल कांग्रेस

राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश कांग्रेस के प्रदर्शन में सुधार का दावा किया जा रहा है। हाइकमान की समीक्षा में हिमाचल कांग्रेस देशभर में चौथे स्थान पर रही है। इससे पहले प्रदेश संगठन की रैंकिंग 20वें और 21वें स्थान से भी नीचे रहती थी। पार्टी अब इसी प्रदर्शन को बनाए रखने के साथ मिशन-2027 के लिए बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने में जुटी है।

जिला, बूथ और पंचायत स्तर तक कार्यकारिणी का विस्तार किया गया है। अब पृष्ठ प्रभारियों की नियुक्ति भी की जा रही है। कुछ ब्लाक अध्यक्ष यलो जोन में आए हैं। उन्होंने पारिवारिक कारण बताए हैं। अगली समीक्षा में उनके कामकाज का दोबारा आकलन किया जाएगा।

- विनोद जिंटा, महासचिव (संगठन), हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी