विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 06, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हिमाचल कांग्रेस ने लगाए आरोप, कहा- महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने में विफल रही केंद्र सरकार

Published: Tue, 06 Feb 2024 10:17 PM (IST)

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रेम लता ठाकुर ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा ...और पढ़ें

महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने में विफल रही केंद्र सरकार
महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने में विफल रही केंद्र सरकार

जागरण संवाददाता, शिमला। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रेम लता ठाकुर ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध को रोकने में पूरी तरह विफल रही। उन्होंने केंद्र सरकार से महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने और महिलाओं के खिलाफ सड़कों व इंटरनेट मीडिया पर अभद्र भाषा के प्रयोग पर पाबंदी लगाने की मांग की है। 

नारी न्याय पोस्टर को भी किया लांच

पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान नारी न्याय पोस्टर को भी लांच किया। उन्होंने कहा कि देश में महिलाओं की समस्याओं को उठाया जा रहा है। केंद्र सरकार ने महिलाओं के खिलाफ सबसे जघन्य अपराध वाले बिलकिस बानो मामले में अपराधियों को रिहा है, जो शर्म की बात है। मणिपुर मामले में तो केंद्र सरकार पूरी तरह से बहरी हो गई है। मणिपुर में एक महिला को निर्वस्त्र करके घुमाया गया, लेकिन केंद्र ने कोई भी कदम नहीं उठाया। 

केंद्र की वर्तमान सरकार के समय में लगातार महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाई जा रही है। अपने मन की बात करने वाली महिलाओं के खिलाफ भाजपा कड़ी कार्रवाई करती है, जिसकी कांग्रेस निंदा करती है तथा केंद्र सरकार से महिलाओं को सुरक्षा व समानता का अधिकार की मांग करती है।

जुमला न बन जाए महिला आरक्षण

प्रेमलता ठाकुर ने केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि केंद्र ने महिला आरक्षण बिल लोकसभा में पास किया है, लेकिन अब ठंडे बस्ते में डाल दिया है। कहीं यह आरक्षण बिल भी जुमला न बनकर रह जाए।

1500 की घोषणा जल्द होगी पूरी

एआईसीसी उपाध्यक्ष प्रेमलता ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव में 1500 रुपए प्रत्येक महिला को देने की गारंटी दी थी। इस गारंटी को जल्द पूरा किया जाएगा। इस मौके पर प्रदेश महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष वृंदा सिंह, प्रदेश महासचिव सत्या वर्मा व बिन्नी शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।