विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CM सुक्खू की दिल्ली में अचानक तबीयत बिगड़ी, स्टाफ ने एम्स अस्पताल पहुंचाया

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sat, 21 Feb 2026 04:11 PM (IST)Updated: Sat, 21 Feb 2026 06:51 PM (IST)

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की दिल्ली में अचानक तबीयत बिगड़ी। उन्हें चेकअप के लिए एम्स ले जाया गया, जहां से छुट्टी मिलने के बाद वे हिमाचल सदन लौट आए।

HighLights

  1. मुख्यमंत्री सुक्खू की दिल्ली में अचानक तबीयत बिगड़ी।

  2. एम्स अस्पताल में चेकअप के बाद उन्हें छुट्टी मिली।

  3. कांग्रेस नेताओं से हिमाचल के मुद्दों पर की थी चर्चा।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ हुई। दोपहर के समय उन्हें स्टाफ द्वारा उपचार के लिए एम्स अस्पताल दिल्ली ले जाया गया। मुख्यमंत्री को चेकअप के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इसके बाद मुख्यमंत्री हिमाचल सदन लौट गए।

बताया जा रहा है मुख्यमंत्री आज दिल्ली में ही रहेंगे और रविवार को शिमला लौट सकते हैं। सुक्खू कैबिनेट के मंत्री भी दिल्ली से वापस अपने अपने विधानसभा क्षेत्रों के लिए लौट आए हैं।

19 फरवरी से दिल्ली में सीएम व कैबिनेट मंत्री

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू पूरी कैबिनेट के साथ दिल्ली गए हुए थे। सभी 19 फरवरी को दिल्ली गए थे, जहां 20 फरवरी को उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे व राहुल गांधी के साथ मुलाकात की थी। इस मुलाकात के दौरान आरडीजी यानी राजस्व घाटना अनुदान बंद किए जाने से हिमाचल प्रदेश की गड़बड़ाई वित्तीय हालत पर चर्चा की गई। इसके अलावा एफटीए से सेब बागवानों को होने वाले नुकसान पर भी चर्चा हुई। 

राजस्व घाटा बंद होने से गरमाई है सियासत

राजस्व घाटना अनुदान बंद होने के बाद हिमाचल प्रदेश की सियासत गरमाई हुई है। बताया जा रहा है ग्रांट बंद होने से प्रदेश को सालाना करीब 10 हजार करोड़ रुपये का नुकसान होगा। ऐसे में हिमाचल सरकार को बजट में कटौती करनी पड़ सकती है। ग्रांट को बहाल करने की मांग को लेकर सीएम सुक्खू कैबिनेट सहित दिल्ली गए हुए हैं। 

अब तबीयत खराब होने पर उनका कल रविवार को हिमाचल वापस  का कार्यक्रम बताया जा रहा है। 

सरकार और संगठन को लेकर चर्चा हुई

बैठक में सरकार व संगठन को लेकर चर्चा हुई है। पूरे प्रदेश के मुद्दों पर चर्चा हुई है। आरडीजी व मुक्त व्यापार समझौते से हिमाचल को हो रहे नुकसान को कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल राज्यसभा में उठाएंगी।

यह भी पढ़ें: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने CRI कसौली में स्वदेशी टीडी वैक्सीन की लांच, क्यों लाभकारी है इसकी खुराक?