हिमाचल सरकार घर निर्माण के लिए देगी 3 लाख रुपये, CM सुक्खू ने शिमला में शुरू की वाल्मीकि आवास योजना
हिमाचल सरकार ने महर्षि जयंती पर सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू द्वारा शिमला में वाल्मीकि आवास योजना शुरू की है। कृष्णानगर के परिवारों पर विशेष ध्यान होगा।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव
HighLights
सीएम सुक्खू ने शिमला में वाल्मीकि आवास योजना शुरू की।
आवासहीन परिवारों को घर निर्माण के लिए 3 लाख रुपये मिलेंगे।
कृष्णानगर के वाल्मीकि समाज के परिवारों को मिलेगा लाभ।
जागरण टीम, शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने महर्षि जयंती पर बड़ी योजना शुरू की है। सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला से वाल्मीकि आवास योजना शुरू की। इस योजना के तहत आवासहीन परिवारों को घर निर्माण के लिए सरकार पैसा देगी। सीएम सुक्खू ने वाल्मीकि जयंती पर शिमला में आयोजित कार्यक्रम के बाद बताया कि 2.50 लाख से कम आय वाले परिवारों को सरकार इस योजना का लाभ पहुंचाएगी। सरकार ऐसे परिवारों को 3 लाख रुपये मकान निर्माण के लिए देगी।
ढाई लाख रुपये से कम आय वाले परिवार इस योजना के लिए पात्र होंगे। लाभार्थी के पास घर निर्माण के लिए अपनी जमीन होनी चाहिए।
कृष्णानगर में रह रहे लोगों के लिए बनेगी योजना
शिमला के कृष्णानगर में रहने वाले परिवारों की गणना की जाएगी। 28 नवंबर तक यह प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वर्षों से यहां रह रहे परिवारों के लिए सरकार धरातल पर योजना लाएगी। दादा-परदादा के समय से यहां रहने वाले लोगों के लिए सरकार कार्य करेगी।
वाल्मीकि समाज के सैकड़ों परिवार
शिमला के कृष्णानगर में वाल्मीकि समाज से जुड़े सैकड़ों परिवार रहते हैं। इनमें से कई वर्षों से यहां रह रहे हैं। अब सीएम सुक्खू की सरकार ने इनके लिए योजना बनाने का निर्णय लिया है।
