Himachal Budget Session: सीएम बोले, 30 हजार को मिली सरकारी नौकरी; योग शिक्षकों की भर्ती होगी
Himachal Budget Session सीएम जयराम ठाकुर ने कहा हिमाचल प्रदेश सरकारी क्षेत्र में रोजगार देने में देश में नंबर एक पर है।
शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश सरकारी क्षेत्र में रोजगार देने में देश में नंबर एक पर है। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विधानसभा में वीरवार को प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा के प्रश्न पर कही। उन्होंने सदन को बताया कि 3 वर्षों के दौरान 30574 लोगों को सरकारी क्षेत्र में रोजगार दिया गया है। आउटसोर्स भर्ती अन्य राज्यों में भी हो रही है।
चाहे वह कांग्रेस शासित राज्य हैं या भाजपा शासित प्रदेश, सभी में आउटसोर्स पर नौकरियां दी जा रही हैं। अनुबंध पर लगे कर्मचारियों को 2 वर्ष के अंदर नियमित करने को लेकर पूछे गए प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि यह विचाराधीन है। इससे पूर्व राजेंद्र राणा ने बात उठाई कि भाजपा के दृष्टि पत्र में उसे शामिल किया गया था।
सीएम जयराम ठाकुर ने सेवा विस्तार पर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा अब प्रदेश में किसी को भी सेवा विस्तार न देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा पूर्व सरकार के समय सबसे ज्यादा सेवाविस्तार दिया गया है।
यह रहा रोजगार का आंकड़ा
- 1-08-2016 से 31-03-2017 11619
- 1-08-2017 से 31-03-2018 9030
- 1-8-2018 से 31-07-2019 9925
सीबीआइ जांच के बाद ही होगी पटवारी भर्ती पक्रिया
इस दौरान सीएम जयराम ठाकुर ने पटवारी भर्ती पर भी बयान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा सीबीआइ इस संबंध में न्यायालय के आदेश के तहत जांच कर रही है और जांच जब पूरी हो जाएगी उसके बाद ही इसमें कुछ होगा।
स्कूलों में योग शिक्षकों की होगी भर्ती
स्कूलों में जल्द योग शिक्षक रखे जाएंगे। इसके लिए भर्ती एवं पदोन्नति नियम बनाए जा रहे हैं। एससीइआरटी सोलन को इस संबंध में सिलेबस बनाने के लिए कहा था, जो बना दिया है। स्कूल शिक्षा बोर्ड के साथ भी चर्चा हो गई है। यह जानकरी शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने सदन में रमेश धवाला की ओर से पूछे प्रश्न के जवाब में दी। बीते तीन वर्षों में कोई भी योग शिक्षक भर्ती नहीं किया गया है। अब 9वीं 10वीं, 11वीं और 12वीं के लिए योग शिक्षा को शुरू कर रहे हैं।