Monsoon Session: हिमाचल विधानसभा की कैटरिंग में शामिल होलीडे होम का कर्मी कोरोना पॉजिटिव
Catering Staff Corona Positive हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र से पहले परिसर में एक कर्मी कोरोना संक्रमित पाया गया है।
शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र से पहले परिसर में एक कर्मी कोरोना संक्रमित पाया गया है। मानसून सत्र से पहले सुरक्षा कर्मियों और राज्य पर्यटन विकास निगम के होटल हॉलिडे होम के कर्मचारियों के सैंपल लिए गए। सैंपल में कैटरिंग के लिए और रोस्टर में शामिल संजीत कुमार कोरोना पॉजिटिव पाए गए। आज केवल विधानसभा में सेवाएं देने वाले कर्मचारियों और सुरक्षा में तैनात होने वाले पुलिस कर्मियों की टेस्टिंग हो रही है। इसके बाद रविवार को अगले चरण में कोरोना टेस्ट होंगे।
विधानसभा का मानसून सत्र 7 सितंबर से शुरू हो रहा है। इससे पहले यहां कोरोना संक्रमण के मामले आने से सरकार की चिंता बढ़ गई है। बीते दिनों हिमाचल सरकार के केबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इस कारण वह विधानसभा सत्र में भाग नहीं लेंगे। मंत्री के संक्रमित आने और प्रदेश में भी मामले बढ़ने के कारण सरकार ने सत्र से पहले सभी विधायकों और मंत्रियों का कोरोना टेस्ट करवाने का फैसला लिया है।