पुलिसकर्मियों को दिवाली तोहफा
राज्य पुलिस ने अपने कर्मचारियों को दीपावली का तोहफा दिया है। पुलिस ने क
राज्य ब्यूरो, शिमला : राज्य पुलिस ने अपने कर्मचारियों को दीपावली का तोहफा दिया है। पुलिस ने कैबिनेट फैसले को लागू किया है। 519 हेड कांस्टेबल, ऑनरेरी हेड कांस्टेबल को पदोन्नत कर ऑनरेरी एएसआइ बनाया गया है। इनमें 352 ऑनरेरी हेड कांस्टेबल और 165 हेड कांस्टेबल शामिल हैं। इन कर्मियों ने 32 साल का सेवाकाल पूरा कर लिया है। इस संबंध में गृह विभाग की स्वीकृति प्राप्त हुई। इस पर डीजीपी एसआर मरडी ने तत्काल कारवाई की।
हिमाचल में पुलिस सेवाओं में एचएएसआइ के नए रैंक को 22 अक्टूबर को कैबिनेट की मंजूरी मिली। सरकार ने पदोन्नति से वंचित रहने वाले पुलिस कर्मियों को नई सौगात दी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बैठक से कुछ दिन पहले ही इसे लेकर घोषणा की थी। यह रैंक ऑनरेरी एएसआइ का होगा। पुलिस विभाग पहले ही इस बारे में प्रस्ताव सरकार को भेज चुका थी। 32 साल का सेवाकाल पूरा करने वाले ऑनरेरी हेड कांस्टेबल यानी (एचएचसी), हेड कांस्टेबल (एचसी) को ऑनरेरी एएसआइ (एचएएसआइ )का दर्जा मिला है।
प्रदेश में एचएएसआइ की नई व्यवस्था होगी। इनका काम तो हेड कांस्टेबल का ही होगा लेकिन पदनाम एचएएसआइ होगा। कंधे पर एक स्टार लगेगा।
कई शर्ते भी जोड़ी
भले ही एचएचसी व एचसी वर्दी एएसआइ की पहन सकेंगे लेकिन पदोन्नति के लिए कई शर्ते रखी गई हैं। पांच साल में मेजर पेनल्टी, छह महीने में माइनर पेनल्टी न हुई हो। सर्विस रिकॉर्ड संतोषजनक रहा हो। पिछले साल की एसीआर में एडवर्स टिप्पणी न की हो। संबंधित कर्मी का नाम ऑफिसर ऑफ डाउटफुल इंटेग्रिटी यानी ओडीआई लिस्ट में न हो।
पंजाब में क्या प्रावधान
पंजाब में कांस्टेबल रिटायरमेंट तक इंस्पेक्टर तक पदोन्नत हो जाता है लेकिन हिमाचल में बड़ी बमुश्किल ऑनरेरी हेड कांस्टेबल या हेड कांस्टेबल बन पाता है। बी वन टेस्ट पास करने वाले को थोड़ी जरूर राहत मिल पाती है लेकिन अधिकांश कांस्टेबल एक पदोन्नति के ही रिटायर हो जाते हैं।
120 रुपये बढ़ेगी स्पेशल पे
एचएएसआइ को 120 रुपये अतिरिक्त स्पेशल पे मिलेगी। एचएचसी को अभी 80 रुपये स्पेशल पे मिलती है। इससे सरकार पर प्रतिमाह 69840 रुपये प्रति माह अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। सालाना आठ लाख 39 हजार 80 रुपये बोझ डलेगा।
सीएम व डीजीपी से मिले पुलिसकर्मी
पुलिस कल्याण संघ ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और डीजीपी से मुलाकात की। उन्होंने नया रैंक देने पर खुशी जाहिर की।
--------------------------
32 साल का सेवाकाल पूरा करने वाले 517 पुलिसकर्मियों को पदोन्नत किया गया है। इन्हें दिवाली का उपहार दिया है। ऐसी पदोन्नति पहली बार की गई है। इससे पुलिस कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा।
डॉ. खुशहाल शर्मा, एसपी, कानून व्यवस्था, पीएचक्यू।