पर्यटकों की सुविधा के लिए अब सप्ताह में तीन दिन चलेगी हेली टैक्सी
पर्यटकों की सुविधा के लिए शुरू की गई हेली टैक्सी अब सप्ताह में तीन दिन चलेगी। पहले यह सुविधा दो दिन थी।
शिमला, राज्य ब्यूरो। पर्यटकों की सुविधा के लिए शुरू की गई हेली टैक्सी अब सप्ताह में दो दिन के बजाए तीन दिन उपलब्ध होगी। जुलाई से हेली टैक्सी की उड़ान चंडीगढ़ से सीधे अनाडेल के लिए होगी। सेना ने सरकार के आग्रह को स्वीकार कर लिया है। इससे चंडीगढ़ से आने वाले हेलीकॉप्टर की अनाडेल में लैंडिग संभव होगी। पर्यटकों को मनाली से रोहतांग की सैर करवाने के लिए तीन महीने के भीतर हेली टैक्सी सुविधा शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार पवन हंस हेलीकॉप्टर कंपनी के साथ नया हेलीकॉप्टर चलाने पर चर्चा कर रही है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पहली बार देश के किसी राज्य ने मुख्यमंत्री के लिए उपलब्ध हेलीकॉप्टर हेली टैक्सी योजना के लिए दिया है। अभी सोमवार व शुक्रवार को सरकार ने हेली टैक्सी के लिए सरकारी हेलीकॉप्टर प्रदान किया है। मनाली में लेडी वेलिंगटन अस्पताल व स्विट्जरलैंड की हेली मिशन फाउंडेशन और प्रदेश सरकार के बीच हेली एंबुलेंस को लेकर करार हुआ है। मरीजों को दूरदराज क्षेत्रों से अस्पताल तक पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर एंबुलेंस का उपयोग होगा। यह सुविधा एक साल के भीतर शुरू की जाएगी। उड़ान योजना का दूसरा चरण शीघ्र शुरू होगा। इससे प्रदेश के सभी प्रमुख स्थल उड़ान योजना से जुड़ेंगे। शिमला के उपनगर संजौली के समीप चलौंठी में प्रदेश सरकार का अपना हेलीपैड जल्द बनेगा। उसके बाद हेली टैक्सी की उड़ान वहां से होगी।