हिमाचल के आठ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश भर में कुछेक स्थानों भारी बारिश और कुछ स्थानों पर गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल में मानसून अब अपने तीखे तीसरे दिखाने लगा है। प्रदेश के आठ जिलों में रविवार और सोमवार को भारी बारिश हो सकती है। बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर, ऊना व शिमला जिले में मौसम विभाग ने भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश भर में कुछेक स्थानों भारी बारिश और कुछ स्थानों पर गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। शनिवार को प्रदेश भर में बारिश का सिलसिला जारी रहा। सुबह मौसम साफ था लेकिन दोपहर बाद रुक-रुककर बारिश होती रही। इससे राज्य के न्यूनतम तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे ज्यादा बारिश धर्मशाला में 43 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई है। जबकि भराड़ी में 27 मिलीमीटर बारिश हुई। भारी बारिश से कई जगह मार्ग भी अवरुद्ध रहे। कुल्लू में एनएच 305 करीब 16 घंटे बंद रहा, इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को दुश्वारियां झेलनी पड़ीं।
मनाली-लेह मार्ग पर भी कुछ घंटे यातायात बंद रहा। बरोट-घटासनी मार्ग पर चट्टान गिरने से सड़क मार्ग अब भी बंद है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में मानसून सहित पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने से मौसम में परिवर्तन आया है। राज्य में बारिश का यह सिलसिला सात जुलाई तक जारी रहेगा। आठ जुलाई को मौसम राहत देगा लेकिन तब तक लोगों को भारी बारिश के कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। जबकि न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। शनिवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान ऊना में 35.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान केलंग में 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य के तापमान की स्थिति
-शिमला,15.7, 22.0
-सुंदरनगर,21.6,31.8
-भुंतर,22.4,33.6
-कल्पा,13.6,23.6
-धर्मशाला,19.2,25.4
-ऊना,24.8,35.2
-मंडी,20.0,31.8
-नाहन,20.4,29.7
-केलंग,10.4,22.9
-पालमपुर,20.5,27.5
-सोलन,20.0,28.2
-मनाली,12.6,24.0