जेबीटी शिक्षकों के 1225 पद भरेंगे
राज्य के प्राइमरी स्कूलों में जल्द ही शिक्षकों की कमी दूर होगी। र
जागरण संवाददाता, शिमला : राज्य के प्राइमरी स्कूलों में जल्द ही शिक्षकों की कमी दूर होगी। राज्य सरकार ने जेबीटी शिक्षकों के 1225 पद भरने की मंजूरी दे दी है। इनमें 758 पद बैचवाइज व 467 कमीशन से भरे जाएंगे। प्रारंभिक शिक्षा के निदेशक शुभकर्ण सिंह ने बुधवार देर शाम इस संबंध में सर्कुलर जारी किया। सभी जिलों के शिक्षा उपनिदेशकों को कहा है कि जिलास्तर पर बैचवाइज भर्ती के लिए काउंसिलिग प्रक्रिया जल्द शुरू करें।
2017 के भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के तहत शिक्षकों की भर्ती होगी। डीएलएड (डिप्लोमा इन एलिमेंटरी एजुकेशन) वाले अभ्यर्थी भर्ती के लिए पात्र होंगे। बीएड डिग्रीधारकों को जेबीटी के लिए पात्र नहीं माना गया है।
सरकार ने प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर को भी जेबीटी के पिछले एक साल से रोके गए परिणाम को घोषित करने को कहा है। शिक्षा विभाग में जेबीटी शिक्षकों के 19,629 पद सृजित हैं। इनमें से 1422 रिक्त हैं।
यह था विवाद
राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) ने वर्ष 2018 में अधिसूचना जारी की थी। इसमें कहा गया था कि जेबीटी भर्ती में बीएड डिग्रीधारकों को भी मौका दिया जाए। हिमाचल में जेबीटी भर्ती के लिए बने भर्ती एवं पदोन्नति नियम (आरएंडपी) इसकी इजाजत नहीं देते। सरकार ने एनसीटीई को भी पत्र लिखकर कहा था कि हिमाचल में जेबीटी के लिए जो आरएंडपी नियम है, उसके अनुसार डीएलएड ही इसके लिए पात्र हैं। किस जिले में कितने पद भरे जाएंगे
जिला,पद
बिलासपुर,87
चंबा,138
हमीरपुर,42
कांगड़ा,268
कुल्लू,68
लाहुल स्पीति,16
मंडी,102
शिमला,120
सिरमौर,164
सोलन,120
ऊना,100