दीवाली पर घर जाने वालों के लिए खुशखबरी! HRTC चलाएगा 266 अतिरिक्त बसें
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) दीवाली पर यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के लिए 266 अतिरिक्त बसें चलाएगा।

दीवाली पर घर पहुंचाएंगी एचआरटीसी की 266 अतिरिक्त बसें।
HighLights
एचआरटीसी दिवाली पर 266 अतिरिक्त बसें चलाएगा
दिल्ली, चंडीगढ़, बद्दी से हिमाचल के लिए सेवाएं
8 नवंबर शाम से स्थानीय बसें रहेंगी बंद
राज्य ब्यूरो, शिमला। दीवाली पर घर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के लिए 266 अतिरिक्त बस सेवाएं चलाएगा।
छह नवंबर को 134 और सात नवंबर को 132 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इससे त्योहार पर घर पहुंचने के लिए बसों में उमड़ने वाली भीड़ को संभालने में मदद मिलेगी।
निगम के अनुसार, छह नवंबर को दिल्ली से 42, चंडीगढ़ से 69 और बद्दी से 23 अतिरिक्त बसें चलेंगी। सात नवंबर को दिल्ली से 49, चंडीगढ़ से 63 और बद्दी से 20 बसें उपलब्ध करवाई जाएंगी। इन सेवाओं के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न स्थानों तक यात्रियों को पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
आठ नवंबर शाम पांच बजे से बंद रहेंगी स्थानीय बसें
दीपावली के अवसर पर आठ नवंबर को शाम पांच बजे से नौ नवंबर सुबह आठ बजे तक एचआरटीसी की सभी स्थानीय बस सेवाएं बंद रहेंगी।
हालांकि, यात्रियों की मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए आठ नवंबर की शाम लंबी दूरी के प्रमुख मार्गों पर बसें चलाई जाएंगी। इनमें दिल्ली से शिमला, धर्मशाला, कुल्लू, मंडी और चंबा सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों के लिए आने-जाने वाली एक-एक बस सेवा शामिल होगी।
निगम ने त्योहार के दौरान यात्रियों की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था की है, ताकि लोग दीवाली पर अपने घरों तक पहुंच सकें।
