हिमाचल में आज व कल आंधी व भारी बारिश की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश में लोगों को भारी बारिश व ओलावृष्टि के लिए तैयार रहना होगा। प्रदेश में रविवार व सोमवार को भारी बारिश व बर्फबारी हो सकती है।
जागरण संवाददाता, शिमला : हिमाचल प्रदेश में लोगों को भारी बारिश व ओलावृष्टि के लिए तैयार रहना होगा। मौसम विभाग ने छह व सात मई को प्रदेश में आंधी व भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। इससे प्रदेश में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।
पश्चिमी हवा के सक्रिय होने से मौसम में यह बदलाव आया है। आठ मई तक प्रदेश में मौसम के तेवर कड़े रह सकते हैं। इस दौरान मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ओलावृष्टि हो सकती है। नौ मई से प्रदेश में मौसम साफ रहने व तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं। शनिवार को प्रदेश में सुबह तीखी धूप खिलने से गर्मी महसूस की गई। हालांकि दोपहर बाद कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। डलहौजी, शिमला व सोलन में बारिश हुई। गेहू, सेब व सब्जियों पर मौसम की मार
प्रदेश में मई में बारिश व ओलावृष्टि के कारण तापमान में उतार चढ़ाव का सिलसिला जारी है। इससे किसानों व बागवानों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। ओलावृष्टि के कारण सेब की करीब 50 फीसद फसल प्रभावित हुई है। वहीं, बारिश होने से किसानों को गेहू की फसल काटने के लिए समय नहीं मिल पा रहा है। इससे गेहू की फसल खराब होने के कगार पर है। सब्जियों पर भी मौसम की मार पड़ी है। शिमला मिर्च, टमाटर, फूलगोभी व मटर की फसल ओलावृष्टि के कारण कई जिलों में तबाह हो गई है। कहां कितना रहा तापमान
स्थान,न्यूनतम,अधिकतम
शिमला,14.5,23.2
सुंदरनगर,15.5,32.0
भुंतर,13.3,31.0
कल्पा,5.4,19.5
धर्मशाला,20.6,27.2
ऊना,19.5,38.4
नाहन,18.2,29.4
केलंग,3.9,15.3
पालमपुर,17.0,27.5
मनाली,6.8,20.6
सोलन,15.6,27.0
मंडी,15.8,29.4
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)