इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज होंगे मोदी सरकार के फैसले : धूमल
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने रिज मैदान पर अपने संबोधन के दौरान कहा कि केंद्र सरकार ने छह महीने के कार्यकाल में ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। इसमें 370 को खत्म करना राम मंदिर को बनाने के लिए फैसला करवाने के लिए सरकार का पक्ष कोर्ट में मजबूती से रखने का काम किया है।
जागरण संवाददाता, शिमला : पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने छह माह के कार्यकाल में ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। इसमें जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 को खत्म करना और अयोध्या में राम मंदिर बनाने के लिए सरकार का पक्ष सुप्रीम कोर्ट में मजबूती से रखने का बेहतर काम किया है। नागरिकता संशोधन कानून सहित मोदी सरकार ने कई ऐसे फैसले लिए हैं जो भारत के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज किए जाएंगे। इसके लिए देश की मोदी सरकार को बधाई। उन्होंने शिमला आने पर केंद्रीय नेतृत्व का भी स्वागत किया।
धूमल ने कहा कि आज हमारे देश के प्रधानमंत्री से दुनिया के दिग्गज नेता दोस्ती करना चाहते हैं। मोदी राज में भारत की साख पूरी दुनिया में मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि शिमला के रिज मैदान पर ऐसी रैलियां पहले भी हो चुकी हैं, जिनमें सरकार की उपलब्धियों को गिनाया जाता है। भाजपा कार्यकाल में ही जनता के समक्ष सरकार का रिपोर्ट कार्ड रखा जाता है। हिमाचल की जयराम सरकार ने दो साल में अच्छा का किया है। आने वाले तीन साल में भी प्रदेश की जनता के लिए सरकार बेहतर कार्य करेगी।