किन्नौर में भूकंप के झटके
हिमाचल प्रदेश के कबायली जिले किन्नौर में रविवार सुबह भूकंप के हलके झटके महसूस किए गए। अभी तक कहीं से भी नुकसान की सूचना नहीं है।
शिमला : हिमाचल प्रदेश के कबायली जिले किन्नौर में रविवार सुबह भूकंप के हलके झटके महसूस किए गए। अभी तक कहीं से भी नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन झटकों के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। मौसम विभाग के अनुसार रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 3.8 आंकी गई है। जिस समय झटके महसूस किए गए, लोग दैनिक कार्यों में लगे थे। अचानक ही लोग घरों से बाहर निकल आए। हिमाचल प्रदेश को भूकंप की दृष्टि से अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखा जाता है। अक्टूबर महीने में शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में कुछ दिन के अंतराल में ही करीब 47 झटके महसूस किए गए थे। 1905 में कांगड़ा में आए भूकंप में हजारों लोगों की जान चली गई थी व जान-माल की भारी क्षति हुई थी। मौसम विभाग शिमला ने भूकंप के झटके आने की पुष्टि की है।